महासमुन्द
पिछले साल की तुलना में इस बार महंगी हुईं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,6 सितंबर। शनिवार को गणेश चतुर्थी है। गणपति स्थापना को लेकर तैयारी अंतिम चरण में है। इस साल 7 सितंबर से गणेश उत्सव शुरू हो रहा है। हालांकि अभी भी कई मूर्तिकार गणेश की प्रतिमाओं को अंतिम स्वरूप देने में जुटे हुए हैं। शहर के हाई स्कूल मैदान में अलग-अलग स्वरुप में हजारों मूर्तियां बिकने के लिए पहुंच चुकी हैं। बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश का असर भी इन प्रतिमाओं पर पड़ा है। बारिश के चलते मौसम में नमी बनी हुई थी, इसलिए भी बड़ी प्रतिमाएं सूख नहीं पाई हैं। बड़ी मूर्तियों को सुखाने के लिए मूर्तिकारों ने अलग से कूलर, पंखा, धमेला में आग का अलाव जलाकर प्रतिमाओं को सूखा किया है।
महासमुंद कुम्हार पारा के मूर्तिकार रिंकू प्रजापति को इस बार 20 प्रतिमाओं का ऑर्डर मिला था। एक दो छोडक़र सारी मूर्तियों को अंतिम रूप देकर खरीददारों को सौंप दिया। उनके पास इस साल छोटी-बड़ी मूर्ति मिलाकर मिट्टी के 530 प्रतिमाएं तैयार हैं। इसमें 400 प्रतिमा 8 इंच से लेकर 4 फ ीट तक बड़ी हैं। वहीं 70 प्रतिमाएं 5 फीट से लेकर 8 फ ीट तक ऊंची हैं। 250 छोटी मूर्तियों में रंगरोगन का काम पूरा हो चुका है। बड़ी प्रतिमाओं में 2 सितंबर से रंगरोगन का कार्य शुरू किया गया जो आज 6 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
उनका कहना है कि पिछले साल से इस बार 100 मूर्तियां ज्यादा तैयार की है। एक हजार से लेकर 14 हजार रुपए तक कीमती मूर्तियां उनके पास हैं। 8 फीट की गणेश प्रतिमा 14 हजार तो 6 फीट की प्रतिमाओं की कीमत 12 हजार रुपए रखी गई है। इस साल गणेश की मूर्तियां पिछले साल की तुलना में ज्यादा महंगी हो गई है।
लिहाजा समितियों को गणेश प्रतिमाओं को खरीदने के लिए थोड़ा ज्यादा कीमत चुकाना पड़ रहा है। मूर्तिकार रिंकू प्रजापति ने बताया कि मूर्ति बनाने के लिए सुतली, रस्सी, रंग महंगा हो गया है। इसके कारण प्रतिमाओं के रेट बढ़े हुए हैं। केवल सुतली को 2 हजार क्विंटल में खरीदा हैं। इसके अलावा मूर्ति बनाने की लकड़ी व फर्नीचर के रेट में भी बढ़ गए हैं। पेंट, सजवटी सामान, मजदूरी दर, रस्सी के दाम बढ़ जाने से 1 हजार रुपए से लेकर 1500 रुपए प्रत्येक मूर्तियों के दाम बढ़े हैं।