महासमुन्द

जिला अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
06-Sep-2024 3:42 PM
जिला अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 सितंबर।
मंगलवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिला अस्पताल और चिकित्सा महाविद्यालय महासमुंद का जायजा लिया। सबसे पहले वे महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां संचालित प्रशिक्षण केन्द्र का अवलोकन किया। कॉलेज की अधिष्ठाता डॉ. यास्मिन खान ने संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। कुछ फायर सेफ्टी जाम पड़े हुए थे। इस पर कलेक्टर ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम करें। समय पर इसे बदलें। इस अवसर पर जिपं सीईओ एस आलोक, हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ बसंत माहेश्वरी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि अभी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। 

इसके बाद कलेक्टर लंगेह ने जिला अस्पताल का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंजीयन काउंटर में पंजीयन के लिए कतारबद्ध महिलाओं से बात भी की। उन्होंने पंजीयन के संबंध में कोई असुविधा के संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने ऑपरेशन थिएटर, गहन शिशु चिकित्सा सेंटर, महिला वार्ड और अलग-अलग कक्षों में जाकर बारीकी से अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान मरीजों से चिकित्सा और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

कलेक्टर ने मरीजों से चर्चा के दौरान कहा कि सभी दवाइयां हॉस्पिटल में ही निशुल्क मिलेंगे। इसलिए बाहर से दवाई खरीदने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि जो दवाई उपलब्ध है, उसी दवाई को डॉक्टर मरीजों को उपलब्ध कराएं। डॉक्टरों के द्वारा लिखी दवाइयां जिला अस्पताल में नहीं मिल रही थी। इसके चलते मरीजों को 3 किमी दूर शहर के मेडिकल स्टोर्स में आना पड़ता था। साथ ही अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे थे। इसकी लगातार शिकायत मिल रही थी। 

उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि ऐसी दवाई लिखें जो अस्पताल में मिले। अगर मरीज दवाई के लिए भटकते पाए जाने व दोबारा शिकायत मिले तो सीधे कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए तैयार रहें। कलेक्टर ने निर्माणाधीन शासकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण समय.सीमा पर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। गुणवत्ता में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तीन माह में थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल में डॉक्टर समय पर आएं और समय पर जाएं। उन्होंने नियमित साफ.सफाई, बेड शीट को बदलना, शौचालय की सफाई और मरीजों को दी जाने वाली भोजन के बारे में जानकारी ली और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट