महासमुन्द

करू भात के दिन करेला के दाम आसमान पर रहे
06-Sep-2024 3:22 PM
करू भात के दिन करेला के दाम आसमान पर रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 सितंबर।
हरितालिका तीज पर्व के चलते कल शहर के बिन्नी बाई सब्जी बाजार में जिस करेले की कीमत डेढ़ सौ रुपए थी, कहीं-कहीं पर 180 रुपए भाव था और आज उसे कोई पूछने वाला नहीं हैं । सब्जी दुकान में आज करेला महज दस रुपए पाव में बिकते दिखा। हालांकि कल डेढ़ सौ रुपए से ज्यादा भाव में भी करेले की जमकर बिक्री हुई। कल दिन भर हालात यह रहा कि करेले के एवज में लोगों ने खेक्सी खरीदी। शुरुआती दौर में खेक्सी के पचास रुपए किलो के हिसाब से बेचा गया। लेकिन दुकानदारों को लगा कि लोग करेले के एवज में खेक्सी खरीद रहे हैं, तो एकदम से खेक्सी की की डेढ़ सौ रुपए पार कर गया। 

वैसे तीज पर्व पर व्रत की पूर्व रात में कडू भात खाने का विधान है। इसी को लेकर कल बाजार में ऐसा तमाशा चलता रहा। करेला भारी कीमत पर भी हाथों-हाथ बिका और खेक्सी का भी मोल अनमोल हो गया। इस तरह सामान्य दिनों में 40-50 रुपए किलो तक बिकने वाला करेला का दाम कल 180 रुपए किलो तक उछला। फलस्वरूप महिलाओं ने करेले को कम खरीदा तथा विकल्प के तौर पर खेक्सी लिया। जिसके चलते खेक्सी के दाम भी भी उछले हुए थे।

 मालूम हो कि अखंड सौभाग्य की कामना लेकर हरितालिका तीज पर 6 सितम्बर को सुहागिनें निर्जला व्रत धारण करेंगी। व्रत के चलते परंपरा के अनुसार कल रात में व्रती महिलाओं ने कड़ू भात यानी करेले की सब्जी तथा पके हुए चावल का सेवन किया और आज सुबह से ही निर्जला व्रत पर हैं। 

शनिवार को चतुर्थी की सुबह रेत से बने शिव पार्वती को विसर्जन के साथ वे अपना व्रत खोलेंगी। इसके लिए शहर के  कुछ मंदिरों में तीज पर सामूहिक उद्यापन भी कराया जाता है और वहां रात जागरण का भी विधान है। 


अन्य पोस्ट