महासमुन्द
महासमुंद, 2 सितंबर। जिले के सांकरा थाना अंतर्गत ग्राम सिंगारपुर पंचायत भवन के सामने ट्रैक्टर से सीमेंट खाली करते समय ट्रॉली पलट जाने से 2 मजदूर दब गये। जिसमें से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस को गवाहों एवं मृतक के परिजनों ने अपने कथन में बताया कि गांव के पंचायत भवन के सामने में सीसी रोड़ निर्माण कार्य चल रहा है। जिसमें 10 अगस्त को किशन बरिहा अपने अन्य साथियों के साथ मजदूरी करने गया था। दोपहर लगभग 3 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से सीमेंट खाली करते समय ट्रैक्टर चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक बिना सुरक्षा मानदंड का पालन करते हुए ट्रैक्टर ट्राली को खड़ी कर दिया था। जिससे ट्रॉली पलट गई।
मजदूर किशन बरिहा व संतोष पटेल ट्राली में दब गए। उन्हें घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया जहां डॉक्टर ने किशन बरिहा पिता समारू बरिहा 19 वर्ष सिगारपुर निवासी को जांचकर मृत घोषित कर दिया।
सांकरा पुलिस मर्ग जांच बाद आरोपी आयशर ट्रैक्टर ट्रॉली चालक के खिलाफ 125, 106-1, बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।