महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30 अगस्त। समाज कल्याण विभाग से मान्यता एवं अनुदान प्राप्त फॉर्चून फाउंडेशन प्रेतनडीह सरायपाली द्वारा संचालित फॉर्चून नेत्रहीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बागबाहरा की पूर्व छात्रा ईश्वरी निषाद ने पैरा एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर छत्तीसगढ़ शासन से शहीद रााजीव पांडे खेल रत्न से सम्मानित हुई हैं।
ईश्वरी निषाद ने 100 मीटर, 200 मीटर और 1500 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं में कई पदक हासिल किए हैं। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य खेल अलंकरण समारोह 2024, पुरस्कार वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 में वित्तीय वर्ष 2022-23 हेतु शहीद राजीव पांडे खेल पुरस्कार से सम्मानित किया है। जिसमें उन्हें प्रमाण पत्र, 3 लाख रुपए का चेक और 10 हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया है।
इसके अलावा संस्था के अन्य पूर्व छात्र श्रुति प्रधान को वर्ष 2021-22, लक्की यादव को 2022-23 हेतु दस-दस हजार एवं सुखदेव केंवट को वर्ष 2022-23 हेतु 15 हजार रुपए का नगद पुरस्कार राशि प्रदाय किया गया है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ एस.आलोक एवं उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह ने संस्था के अध्यक्ष निरंजन साहू और विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।