महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अगस्त। नगर पंचायत सरायपाली समेत ग्रामीण इलाकों में कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। यहां के कुत्ते रास्ते से गुजरने वाले लोगों पर हमला कर घायल कर रहे हैं। इसके चलते नगरवासी दहशत में हैं। ब्लॉक के ग्राम पंचायत बोड़सरा में गली में घूम रहे आवारा कुत्तों ने तीन बच्चों पर जानलेवा हमला किया है। जान बचाने के लिए रो-रोकर बच्चे मदद के लिए चिल्लाते रहे। लेकिन कुत्ते के नोंचता देख आसपास जुटे लोगों में से किसी ने भी बच्चों को बचाने पास जाने की हिम्मत नहीं जुटाई।
तीन में से एक बच्चा जब घायल हो गया तो कुत्ता उसे मरा समझ वहां से भाग निकला। तब लोग बच्चे के पास पहुंचे। लहुलुहान हालत में बच्चे को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरायपाली लाया। जहां डॉक्टर ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देख प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर मेकाहारा भेजा गया है। शहर में आवारा कुत्तों की संख्या में कमी लाने कोई आवश्यक पहल नहीं करने से इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। आए दिन किसी ने किसी राहगीरों पर कुत्ते हमला कर रहे हैं। नगर पंचायत ने गली में घूमने वाले आवारा कुत्तों का नसबंदी करने एक बार भी अभियान नहीं चलाया है।
मामला यह है कि सरायपाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत बोड़सरा में गली में घूम रहे आवारा कुत्तों ने तीन बच्चों पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें एक दो साल के मासूम के चेहरे को को बुरी तरह नोचा डाला। इससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दो बच्चों ने भागकर अपनी जान बचाई।
जानकारी अनुसार सरायपाली ब्लॉक में बीते 20 दिनों के भीतर 55 लोगों को आवारा कुत्तों ने अपना शिकार बनाया है। तीन दिन पहले भी नगर के वार्ड.11 व 12 में घर के बाहर खेल रहे 5 बच्चों पर कुत्तों ने हमला कर दिया था। बच्चे के पैर को कुत्ते ने अपने जबड़ा में दबा लिया था। लोगों ने डंडे से कुत्ते को मारकर भगाया। तब कहीं जाकर बच्चे की जान बच पाई। इसके बावजूद नगर पंचायत के अधिकारियों के द्वारा आवारा कुत्तों को पकडऩे के लिए अभी तक अभियान शुरू नहीं किया गया है।
इस मामले में बोड़सरा में घर के बाहर तीन बच्चे खेल रहे थे। तभी एक कुत्ता दौड़ते हुए आया और बच्चों को काटने लगा। इसी बीच कई और कुत्ते वहां आ गये। एक कुत्ते ने दो बच्चों के पैर को काट लिया। तीसरा बच्चा साथी को बचाने पास में पड़े डंडा को लेकर दौड़ा। उसे भी जख्मी कर दिया। दो वर्षीय बालक अनुराग अग्रवाल जान बचाने के लिए रो-रोककर मदद के लिए चिल्लाते रहा लेकिन लोग मदद करने के बजाय देखते रहे। सूचना पर पहुंची नपं के कर्मचारियों ने दो कुत्तों को जान से मार दिया।
अधिकारियों का कहना है कि कुत्ता पागल हो गया था। जो राहगीरों व बाइक चालकों को काट रहा था। जब से नगर पंचायत बना है, एक बार भी नगर पंचायत के अधिकारियों के द्वारा आवारा कुत्तों को पकडऩे के लिए अभियान नहीं चलाया गया है। नगरवासी प्रकाश, विनय, विजय कुमार का कहना है कि कुत्तों के आतंक के कारण घर से अकेले निकलने से महिलाएं घबराती है।
सीएमओ अशोक शर्मा ने कहा कि कुत्ते के काटने की शिकायत मिली है। नगर पंचायत की टीम को भेजकर आवारा कुत्तों को पकडऩे के लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। मौके पर भेजकर कुछ कुत्तों को पकड़ा गया है। वहीं सीएमएचओ ने बताया कि जुलाई अगस्त के महीने में सबसे ज्यादा केस आते हैं। प्रतिदिन कुत्ते काटने के 20 केस आ रहे हैं। अभी तक किसी जितने भी लोग पहुंचे हैं। उनका प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी जा रही है। गंभीर मरीजों को डॉक्टरों की विशेष निगरानी में इलाज कराया जा रहा है। इस साल कुत्ते के काटने से एक भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरायपाली में कुत्ते काटने के प्रतिदिन 4-5 केस पहुंच रहे हैं।