महासमुन्द

शिक्षकों को अब आसानी से नहीं मिलेगी आकस्मिक अवकाश
27-Aug-2024 2:46 PM
शिक्षकों को अब आसानी से नहीं मिलेगी आकस्मिक अवकाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 अगस्त।  शिक्षकों को अब आकस्मिक अवकाश सहित विभिन्न अवकाश आसानी से नहीं मिलेगी। बल्कि उन्हें अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन सीजी स्कूल के पोर्टल पर इंद्राज करना होगा। अब वे लगातार 3 दिन छुट्टी के बाद चौथे दिन शिक्षक छुट्टी भी नहीं ले सकेंगे। इस नए नियम को लेकर शहर सहित जिले के 3 शिक्षक संघ अब इस नियम में विसंगति को दूर करने की मांग कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार शासन द्वारा हाल ही में अवकाश के नियम में संशोधन कर 12 अगस्त से नए नियम लागू किया गया है। कहा जा रहा है कि शासन ने मनमर्जी छुट्टी लेने वाले शिक्षकों को देखते हुए इस नियम को लागू किया है। फलस्वरूप शिक्षकों को अब ऑनलाइन माध्यम से छुट्टी के लिए आवेदन करना होगा। सरकारी टीचर्स अब विभागीय पोर्टल के माध्यम से अवकाश के लिए आवेदन कर सकेंगे। यह नवाचार शिक्षा जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है।

शिक्षक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से वे अवकाश के विभिन्न प्रकारों जैसे आकस्मिक छुट्टी, अर्जित छुट्टी आदि के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन ऑनलाइन जमा करने के बाद संबंधित अधिकारी द्वारा इसकी स्वीकृति या अस्वीकृति दी जाएगी। शिक्षक पोर्टल पर अपने अवकाश आवेदन की स्थिति को भी ट्रैक कर सकेंगे। इसके अलावा इन्हें कई और भी सुविधाएं मिलेंगी।

जानकारी के मुताबिक यह नया ऑनलाइन छुट्टी वाला सिस्टम टीचर्स और बच्चों दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। यह प्रणाली अधिक पारदर्शी और कुशल होगी। टेक्नॉलाजी के कारण शिक्षकों को छुट्टी के लिए आवेदन करने में आसानी होंगी। इसके साथ ही यह पद्धति उन्हें नए नवाचार से भी जोड़ेगा। यह प्रणाली अधिक पारदर्शी और जवाबदेह होगी।

अब शिक्षकों को छुट्टी के लिए आवेदन करने में सुविधा होगी। शिक्षा विभाग डेटा को को बेहतर ढंग से प्रबंधित कर सकेगा।यह भी शिक्षकों ने कहा कि नए जमाने के शिक्षक तो एंड्रॉयड सेट मोबाइल चला लेते हैं, जो पोर्टल से आवेदन दे सकेंगे। लेकिन पुराने शिक्षक जो स्मार्ट मोबाइल नहीं चलाते उन्हें इस नियम में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। यदि वे च्वाइस सेंटर से आवेदन करते हैं तो उन्हें इसके लिए शुल्क लगेंगे तथा समय पर वे आवेदन नहीं दे पाएंगे।

शिक्षकों का कहना है कि सीजी स्कूल पोर्टल में तकनीकी खामियों की वजह से पोर्टल खुलने में भी परेशानियां हो रही है। यदि पोर्टल नहीं खुला तो शिक्षक आकस्मिक अवकाश भी ले ही नहीं पाएंगे। हालांकि कुछ शिक्षकों ने इस नए सिस्टम को लेकर चिंता भी जताई है। उनका कहना है कि ऑनलाइन प्रक्रिया में तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है।

इसे लेकर जारी आदेश में कहा गया है कि छुट्टी की स्वीकृति की प्रोसेस को आसान करने के लिए अवकाश मैनेजमेंट पोर्टल का निर्माण किया गया है। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी से लेकर संभागीय स्तर के संचालकों को आदेश जारी कर दिया गया है। इस ऑनलाइन अवकाश को लेकर शिक्षक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। शिक्षक संगठनों का कहना है कि इस नियम को केवल शिक्षकों के लिए लागू किया है जो न्याय संगत नहीं है।

शिक्षकों का मानना है कि इस पोर्टल में ऑनलाइन नियम विसंगति पूर्ण है। जिसे सुधार करने की मांग की गई है। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक के प्रदेश सचिव ईश्वर चंद्राकर तथा कार्यकारी अध्यक्ष सिराज बक्श का कहना है कि हम पूर्ण रूपेण इस नवाचार का विरोध नहीं कर रहे बल्कि इसमें व्याप्त विसंगतियों को सुधारने की मांग कर रहे हैं। श्री चंद्राकर ने कहा कि मेडिकल अवकाश, अर्जित अवकाश, संतान पालन अवकाश लेने के एक सप्ताह के अंदर एजुपोर्टल में ऑनलाइन एंट्री का ऑप्शन दिया जाए। आकस्मिक अवकाश तथा ऐच्छिक अवकाश को ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया यथावत रखा जाए।


अन्य पोस्ट