महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने कहा कि 2003 से 2018 तक 15 साल के कार्यकाल में भाजपा सरकार ने प्रदेश के 4 हजार सरकारी स्कूलों को युक्तियुक्तकरण के नाम पर बंद कर दिया था। जिसके चलते उन स्कूलों पर निर्भर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को लंबी दूरी तय कर अन्य स्कूलों में दाखिला लेना पड़ा। इसका नतीजा यह रहा कि अधिक दूरी के कारण हजारों बेटियों ने पढ़ाई तक छोड़ दी।
अब पुन: भाजपा की सरकार प्रदेश में सत्तासीन है, और फिर वही खेल खेला जा रहा है। युक्तियुक्तकरण के नाम पर फिर हजारों स्कूलों को बंद करने की साजिश सरकार कर रही है, जिसमें महासमुंद जिला समेत प्रदेश के सैकड़ों कन्या शालाएं शामिल हैं। सरकार के इस रवैये से यह तो स्पष्ट हो गया है कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे का उपयोग प्रदेश की भाजपा सरकार केवल कागजों तथा अपनी प्रचार-प्रसार के लिए ही कर रही है। बेटियों की शिक्षा से इस सरकार को कोई सरोकार नहीं है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि यह सरकार हर क्षेत्र में जनता को ठगने का काम कर रही है। एक तो युवाओं को शिक्षक भर्ती के नाम पर ठगा गया। शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया तो शुरू नहीं की गई। लेकिन, युक्तियुक्तकरण के नाम पर 13 हजार शिक्षकों को अतिशेष के तौर पर चिन्हित किया गया है।
इससे सरकार अपना हित साधने की तैयारी कर रही है। शिक्षक विहीन स्कूलों को बंद कर शिक्षकों की कमी से जूझ रहे स्कूलों में अतिशेष शिक्षकों को भेजकर अपना पल्ला झाडऩे की तैयारी है।
महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के गुड़ेलाभाठा-मुनगासेर कन्या शाला, बिरकोनी के कन्या हाईस्कूल, झलप के कन्या मिडिल स्कूल, झलप के कन्या हाईस्कूल को युक्तियुक्तकरण के नाम पर बंद करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। यही नहीं जिले के कई स्कूलों को बंद करने की तैयारी है, जिसमें अधिकांश कन्या शालाएं शामिल हैं। इसका सीधा असर बेटियों की पढ़ाई पर पड़ेगा। नजदीकी स्कूलों को बंद करने से अधिक दूरी के चलते पालक भी बच्चियों को दूर स्कूल भेजने में कतराते हैं। इसके चलते उनकी पढ़ाई, एडमिशन पर असर पड़ेगा। और मजबूरन बेटियों को पढ़ाई छोडऩा पड़ेगा। इससे यह तो स्पष्ट हो गया कि प्रदेश की भाजपा सरकार हमारी बेटियों को शिक्षा से वंचित करने एक सोची समझी रणनीति तैयार कर रही है।
श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने गरीब, निर्धन बच्चों के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय जैसी सौगात दी। गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों के अंग्रेजी माध्यम स्कूल में अपने बच्चों को पढ़ाने का सपना श्री बघेल ने साकार किया। लेकिन इसके विपरीत भाजपा ने सरकार बनते ही युक्तियुक्तकरण की नीति अपना कर अपना चरित्र उजागर कर दिया। स्कूलों को मर्ज करने के नाम पर हजारों की संख्या में विद्यालय बंद करने की तैयारी चल रही है। इससे पूर्व भी वर्ष 2008 में युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया अपना कर भाजपा ने लगभग 4 हजार सरकारी स्कूल प्रदेश में बंद किये थे। इस बार भी लगभग 4 हजार सरकारी स्कूल बंद करने की तैयारी है। जो प्रदेश के स्कूली बच्चों के हित में नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बच्चों के जन्मदर में कोई अप्रत्याशित गिरावट नहीं आयी है, जिससे स्कूल बंद करना पड़े। यदि स्कूल बंद किये जाते हैं, तो एक तरफ बच्चों को निजी स्कूलों में एडमिशन लेने विवश होना पड़ेगा। वहीं, 20 साल से पदोन्नति की राह देख रहे शिक्षकों के पदोन्नति का राह भी समाप्त हो जाएगा। जिससे शिक्षा गुणवत्ता तो प्रभावित होगी ही साथ ही शिक्षकों में भी निराशा व्याप्त होगा। युक्तियुक्तकरण की यह प्रक्रिया शिक्षा, शिक्षक एवं विद्यार्थी किसी के हित में नहीं है। भाजपा सरकार केवल स्कूल बंद करने का रिकार्ड बना रही है।