महासमुन्द

संतान की लंबी आयु के लिए माताओं ने रखा हलषष्ठी व्रत
25-Aug-2024 2:22 PM
संतान की लंबी आयु के लिए माताओं ने रखा हलषष्ठी व्रत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त।
जिला मुख्यालय समेत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हलषष्ठी पर्व पर माताओं ने संतानों की दीर्घायु और सफलता के लिए शनिवार को दिन भर उपवास रखा। सगरी कुण्ड बनाकर हलषष्ठी देवी की विशेष पूजा-अर्चना की। इस मौके पर पूजा अर्चना कराने वाले पण्डितों ने हलषष्ठी पर्व के सम्बन्ध में करीब छ: अध्यायों के कथा का विधि पूर्वक कथा वाचन भी किया।

हलषष्ठी (कमरछठ) पर्व के इस अवसर पर जिला मुख्यालय के मंदिरों के अलावा मुहल्लों सहित जिले के कई स्थानों में माताओं ने कथा सुनी और प्रसाद का वितरण किया। पूजा अर्चना पश्चात माताओं ने अपने बच्चों को छह बार पोता भी लगाया। कहा जाता है कि यह परम्परा संतानों को नजर न लगे इस उद्देश्य से किया जाता है।

छत्तीसगढ़ के परम्परा अनुरूप श्रद्धा पूर्वक उपवास रखकर महिलाओं ने हलषष्ठी पर्व पर भोजन में पसहर चावल, छ: प्रकार के भाजी की सब्जी, दोना पत्तल में खाना, पीतल के बर्तन में यह प्रसाद बनाने जैसे परम्पराओं को विधि पूर्वक निर्वहन किया गया। व्रती महिलाओं ने भैस के दूध भोजन में घी, दही का  उपयोग किया।

हलसष्ठी पर्व कमरछठ के इस दिन पूजा स्थल में एक साथ सगरी कुण्ड के दो सुन्दर गड्डे खोदे गये। जिसके चारों ओर कांशी के फूल और प्रसाद के रूप में नारियल, लाई, चना और महुआ आदि को पत्तल दोना में रखा। कमरछठ के इस पर्व में सबसे ज्यादा उपयोगी सामग्री बिना जोते नागर (हल) के पसहर चावल उपयोग में लाया गया।

छह प्रकार की भाजी में मुनगा पत्ती, बौलाई, जरी भाजी, सेमी, कुम्हड़ा के पत्ती, हरा मिर्चा आदि शामिल रहा. कमरछठ पूजा स्थलों में माताओं ने भगवान शंकर, माता पार्वती, भगवान गणेश व कार्तिकेय की विधि पूर्वक पूजा अर्चना कर अपने अपने संतानों की सुख समृद्धि, सफलता और दीर्घायु की कामना की।

कमरछट पर्व के संबंध में खल्लारी के महराज भवानीदास वैष्णव ने बताया कि द्वापर युग में माता देवकीने स्वयं यह व्रत रखकर कंस के प्रकोप से श्रीकृष्ण को बचाया था। इसके बाद से सभी माताएं अपने-अपने संतानों की खुशहाली और सुख शांति के लिये इस व्रत को बड़े ही खुशी व श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाते आ रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट