महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त। महासमुंद के रायपुर रोड में मार्केट के पास बस स्टैंड स्थित यात्रियों के ठहरने के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय अब खस्ताहाल हो चुकी है। यहां यात्रियों के लिए कोई सुविधाएं नहीं है। प्रतीक्षालय में न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही बैठने के लिए कोई उचित इंतजाम हैं। 20 साल पहले बने इस यात्री प्रतीक्षालय की स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि इसकी दीवारें कभी भी ढह सकती है।
हालात यह है कि खतरे के बीच यहां यात्रियों को ठहरने मजबूरी है। सबसे ज्यादा दिक्कतें बारिश के सीजन में होती है। प्रतीक्षालय की दीवार जर्जर होने के कारण जगह-जगह से दरारें पड़ गई है। बारिश होने पर दीवार से पानी रिसता रहता है. दीवारों में जगह-जगह से लोहे के सरिया बाहर निकल गए हैं। पुराना होने के कारण छत का प्लास्टर गिर चुके हैं।
यह स्थिति बीते 2 साल से बनी हुई है। प्रतीक्षालय में बैठने के लिए बनाए गए सीमेंट व लोहे के टेबल टूटे हुए हैं। पंखा है कि बीते कई महीनों से बंद पड़ा है और कुछ पंखे इतने धीरे हालत मे चलते हैं कि नीचे तक हवा नहीं आती। जर्जर स्थिति देख अधिकांश यात्री धूप में बस का इंतजार करते रहते हैं। हैरानी की बात तो ये है कि जब से यात्री प्रतीक्षालय बनी है। एक बार भी इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
बस स्टेशन में यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं दिलाने के लिए आरओ मशीन लगाया गया है, जो बीते एक साल से बंद पडा है पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को आसपास के होटलों में पीने के पानी के लिए मुंह ताकना पड़ता है। होटलों में भी खाने के सामान खरीदने पर ही पानी मिलता है।
इस संबंध में सीएमओ लवकेश कुमार ने कहा है कि नए बस स्टैंड बनाने प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरु कर दिया जाएगा। शहर के बाहर बस स्टैंड बन जाने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। यात्रियों के लिए सर्वसुविधायुक्त प्रतीक्षालय भी बनेगी। इससे किसी तरह की दिक्कतें नहीं होगी।
गौरतलब है कि बस स्टैंड को लेकर पालिका के द्वारा हर साल बजट में शामिल किया जाता है। लेकिन बीते 5 साल से अब तक बस स्टैंड निर्माण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। पहले लभराखुर्द रोड में करीब 7 एकड़ जमीन में बस स्टैंड बनने के लिए प्रस्तावित हो चुका था। लेकिन किसी कारण से काम अटक गया। इसके बाद वर्तमान में फिर से पालिका के द्वारा बजट में शामिल कर 7 करोड़ की लागत से बस स्टैंड निर्माण करने की योजना है। इसको लेकर मचेवा रोड में जमीन तलाश ली गई है।
महासमुंद से रायपुर, सरायपाली, बसना, पिथौरा ओडिसा, गरियाबंद, बागबाहरा, फिंगेश्वर राजीम, अन्य रूटों में दिन में करीब 270 बसों का संचालन होता है। इसके हिसाब से अब बस स्टैंड में जगह कम पडऩे लगी है। इसके चलते भीड़ अधिक होने पर वाहन चालकों को बस निकालते समय ज्यादा परेशानी होती है। बस को मोडऩे और आगे पीछे करने के दौरान जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार विवाद भी हो जाता है। बस स्टैंड में ही ऑटो रिक्शा के लिए भी पार्किंग बनाई गई है। तालाब को पाटकर बस स्टैंड बनाया गया था। ढलान होने के कारण पूरे परिसर में बारिश का पानी भर जाता है।