महासमुन्द

बहन की राखी लेकर बंदी की मां जेल पहुंचीं, एक हाथ से धागा नहीं बंधते देख महिला आरक्षक ने बांधी राखी
20-Aug-2024 4:58 PM
बहन की राखी लेकर बंदी की मां जेल पहुंचीं, एक हाथ से धागा नहीं बंधते देख महिला आरक्षक ने बांधी राखी

100 से भी ज्यादा बंदियों को बहनों ने राखी बांध सलामती की दुआ मांगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 20 अगस्त।
महासमुंद जिले में रक्षाबंधन पर जिला जेल में बंदियों को राखी बांधने उनकी बहनें पहुंची थीं। इस समय एक मौका ऐसा था कि सभी की आंखें नम हुई। 
यहां बंद आशीष डड़सेना की मां अपने बेटे से मिलने बहन की राखी लेकर पहुंची थीं। इस वक्त आशीष को बहन की कमी खल रही थी। बहन की राखी को बाएं हाथ में रखकर आशीष खुद ही अपने दाहिने हाथ की कलाई में राखी बांधने लगा। लेकिन एक हाथ से राखी का धागा बंध नहीं रहा था। फिर भी आशीष उसे किसी तरह बांधने की कोशिश कर रहा था। 

जिला जेल में सुरक्षा में तैनात महिला आरक्षक रुक्मणी नाग यह सब देख रही थी। उसने एक भाई की पीड़ा को समझा और बड़ी बहन बनकर राखी बांधी। जब महिला आरक्षक थाली लेकर आशीष के पास गई, तो वह हैरत में पड़ गया। बाद में उसने भी बहन के सामने अपनी कलाई आगे बढ़ाया। रुक्मणी ने तिलक लगा आरती की और राखी बांधकर मिठाई से उसका मुंह मीठा कराया। 

गौरतलब है कि महासमुंद जेल में रक्षाबंधन के मौके पर अपने भाइयों की कलाई में राखी बांधने बड़ी संख्या में बहनें जिला जेल पहुंची थीं। भाई-बहन एक दूसरे से गले लगकर फ फ क-फ फ क कर रोते रहे। अलग-अलग अपराधों में जेल में बंद 100 से भी ज्यादा बंदियों की कलाई पर बहनों ने राखी बांधी और अपने भाइयों की सलामती की दुआएं मांगी।

साल 2020 में कोरोना महामारी के चलते इस पर रोक लगा दी गई थी। यही वजह है कि 4 साल बाद फिर से जेल प्रशासन ने रक्षाबंधन पर जेल का गेट बहनों के लिए खोला था। लिहाजा दूर दराज से अपने भाइयों से मिलने बहनें पहुंची थीं। 

जेल अधीक्षक कार्यालय के सामने जेल अधीक्षक मुकेश कुशवाहा ने बहनों के लिए दरी बिछाकर उनके बैठने की व्यवस्था की थी। साथ ही हल्दी, कुमकुम, दीया से सजी हुई थाली का इंतजाम किया था। 

सोमवार सुबह 8 बजे से ही जिला जेल के मुख्य गेट पर बहनों की लंबी कतार लगी रही। तीन-तीन के ग्रुप में बहनों को अंदर प्रवेश दिया गया। जिला जेल में कल कुल 104 बंदियों को उनकी बहनों ने राखी बांधी। इस दौरान कुल 295 बहनों को जेल के भीतर प्रवेश कराया गया। कई भाईयों के एक से अधिक बहनों ने राखी बांधी और मिठाई खिला कर आरती उतारी। वर्तमान में जिला जेल में कुल 547 बंदी कैद हैं। जिसमें 291 बंदी अन्य राज्य के हैं। जिनकी बहनें राखी बांधने नहीं आ पाई।
 


अन्य पोस्ट