महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अगस्त। अखिल विश्व गायत्री परिवार जिला महासमुंद द्वारा विकास खंड स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें गायत्री परिवार के सप्त आंदोलन एवं भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा पर चर्चा की गई।
मां गायत्री की पूजा अर्चना पश्चात नरेंद्र नायक ब्लॉक समन्वयक ने बताया कि विकासखंड महासमुंद में आंदोलन को गति देने व गतिविधियों को सुचारू रूप क से संचालन करने प्रभारियों की नियुक्ति आवश्यक है। उन्होंने बाल संस्कारशाला व पर्यावरण संरक्षण, पुंसवन संस्कार पर जोर देते हुए इसे प्रमुखता देने कहा साथ ही में प्रत्येक इकाई में प्रज्ञा मंडल, युवा मंडल, महिला मंडल गठन कर पंजीयन कराने प्रपत्र देकर 10 सितंबर तक जमा करने कहा।
जिला युवा प्रकोष्ठ प्रमुख भारत साहू ने बताया कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से परिचय कराने, उन्हें संस्कारवान बनाने तथा स्वस्थ एवं अच्छे नागरिक बनाने के लिए देश में एक साथ आयोजित की जाती है। इस वर्ष परीक्षा में जिले में 15 हजार बच्चों को बैठाने का लक्ष्य रखा गया है। यह परीक्षा 19 अक्टूबर को आयोजित होगी। इसके लिए नॉमिनल रोल एवं पुस्तक विद्यालय तक पहुंचाया जा रहा है।
गायत्री शक्तिपीठ महासमुंद में नामिनल फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर तय की गई है। अत: संस्था प्रमुखों से निवेदन किया गया है कि अधिक से अधिक बच्चों को इस परीक्षा में बैठाने के लिए प्रेरित करें। वरिष्ठ ट्रस्टी ललित मेश्राम ने इकाई प्रमुखों, परिजनों से चर्चा में बताया कि अधिक से अधिक स्थान पर पौधे लगाकर पर्यावरण की सुरक्षा करें। अपने-अपने इकाई एवं प्रज्ञा मंडल को सशक्त कर पंजीयन करावें। अंत में इकाई प्रमुखों, परिजनों द्वारा प्रत्येक इकाई में बाल संस्कार शाला संचालन करने एवं अधिक से अधिक विद्यालय में पहुंचकर बच्चों को भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में बैठाने एवं युवा मंडल, प्रज्ञा मंडल, महिला मंडल गठन करने का सुझाव दिया गया।