महासमुन्द

रक्षाबंधन पर महासमुंद जिले में तीन सडक़ हादसे, स्कूल चपरासी की मौत, 3 गंभीर
20-Aug-2024 3:19 PM
रक्षाबंधन पर महासमुंद जिले में तीन सडक़ हादसे, स्कूल चपरासी की मौत, 3 गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अगस्त।
रक्षाबंधन के दिन जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर सडक़ हादसे हुए। जिनमें एक की मौत हो गई, वहीं चार लोग घायल हुए। घायलों में से एक की हालत गंभीर है, जिसे रायपुर रेफ र किया गया है।

हादसे की वजह ओवर स्पीड को माना जा रहा है। इस तरह से जिले में होने वाले अधिकांश सडक़ हादसों में यातायात नियमों का पालन नहीं किए जाने की वजह सामने आई है। वहीं खल्लारी थाना क्षेत्र में जिसकी मौत हुई, उसने हेलमेट पहना जरूर था, पर पसली में गंभीर चोट लगने की वजह से उनकी मौत होना बताया गया है। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत खम्हारमुड़ा निवासी पंकज कमार सोमवार की दोपहर अपनी बाइक से महासमुंद से लौट रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे टैंकर ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को पकडक़र टैंकर ट्रक को जब्त कर लिया है। 

यह दुर्घटना ग्राम मामा भांचा और पचेड़ा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 353 में दोपहर 1 बजे की बताई गई है। जिसमें मोटर साइकिल सवार खम्हारमुड़ा निवासी पंकज कमार और ट्रक आमने-सामने भिड़ गया। मृतक ग्राम खैरट खुर्द में भृत्य का काम करना था। वह महासमुंद से अपने घर खम्हारमुड़ा जा रहा था। जबकि तेज रफ्तार टैंकर का चालक उत्तरप्रदेश निवासी फूलचंद यादव बागबाहरा से महासमुंद की तरफ  आ रहा था कि ग्राम मामा-भांचा और पचेड़ा के बीच यह दुर्घटना घट गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकल के परखच्चे उड़ गए और हेलमेट पहनने के बावजूद बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर तत्काल खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की शिनाख्त के बाद उनके परिजनों को जानकारी दी गई। 

इसी तरह के एक अन्य मामले में बसना थाना अंतर्गत भंवरपुर मार्ग पर जलकोट के पास मोटर साइकिल से रक्षाबंधन मनाने जा रहे 3 लोगों को कार चालक ने सामने से ठोकर मार दी, जिससे गंभीर रूप घायल हो गए हंै। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने बताया कि भुनेश्वर सिदार पिता शंकरलाल अपने वाहन से जलकोट के पास पहुंचे थे कि सामने बसना से भंवरपुर तरफ जा रही सेलेरियो कार के चालक ने अपने वाहन को तेज एव लापरवाही पूर्वक चलाकर मोटर सायकल को सामने से ठोकर मार दिया। जिससे तीनों को चोटें आई हैं। घायलों को डायल 112 की मदद से इलाज कराने हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य बसना लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने की वजह से सभी को रायपुर रेफर कर दिया गया है।

इस घटना में भुवनेश्वर सिदार उम्र 28 वर्ष, रेशम सिदार पिता बैधनाथ सिदार उम्र 27 वर्ष और सुजाता सिदार पति रेशम सिदार उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम परसकोल चौकी भंवरपुर थाना की हालत गंभीर है। ये सभी भुनेश्वर सिदार के मोटर सायकल स्प्लेण्डर में ग्राम दुधीपाली जा रहे थे। मोटर सायकल को भुनेश्वर सिदार चला रहा था। सुुबह लगभग 10.40 बजे भंवरपुर के रास्ते गुजर रहे थे। 

पुलिस के मुताबिक नेशनल हाईवे से ज्यादा सडक़ हादसे आउटर में हुए हैं। सडक़ किनारे ग्रामीण इलाके के गांवों के सडक़ पर लाइट नहीं होने व अंधे घुमावदार मोड़ होने के बावजूद बाइक या कार सवार तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हैं। वाहन नियंत्रित नहीं होने से हादसे में मौत हो रही है। जबकि शहर के मुख्य मार्गो के अलावा ग्रामीण इलाके में मोड़ में संकेतक बोर्ड लगाया गया है। बावजूद बाइक या कार सवार लापरवाही बरतते हैं। 

यातायात प्रभारी डीएसपी घृतेन्द्र ध्रुव ने बताया कि अधिकांश घटनाएं ओवर स्पीड से होती है। यातायात नियमों को लेकर भी लापरवाही बरती जाती है। जनवरी से जुलाई तक 236 सडक़ हादसों में 143 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 149 लोग घायल हुए है। डेढ़ साल यानी पिछली जनवरी से अब तक जिले में 718 सडक़ हादसे हुए हैं। इनमें 547 लोग घायल हुए हैं। वहीं 444 लोगों की मौत हो चुकी है। बावजूद लोग दुर्घटना से कोई सबक नहीं ले रहे हैं। पुलिस की माने तो अधिकांश हादसे बिना हेलमेट के कारण गाड़ी चलाने से हुए हैं। शहर की तुलना में ग्रामीण इलाके के आउटर क्षेत्रों में ज्यादातर हादसे हुए हैं। खासकर अंधेरे में तेज रफ्तार से लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने से हादसे ज्यादा हैं।


अन्य पोस्ट