महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अगस्त। पश्चिम बंगाल में सुरक्षा से संबंधित घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई नहीं करने के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कल शहर के मध्य नेहरू चौक में बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का पुतला दहन कर उनके विरूद्ध नारेबाजी की।
अभाविप के नगर मंत्री लवेश साहू ने आरोप लगाते बताया कि पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ महीनों से महिला सुरक्षा से संबंधित घटनाओं में गंभीर बढ़ोतरी हुई है और इन जघन्य अपराधों में शामिल दोषियों को ममता सरकार बचाने की कोशिश कर रही है। पहले भी कई रेप की घटनाएं हुई, लेकिन ममता सरकार ने उनके खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया। बंगाल में हो रही ये घटनाएं मानवता को शर्मसार कर रही हैं। लिहाजा दोपहर करीब दो बजे अभाविप महासमुंद के कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक में ममता सरकार का पुतला जलाया।
अभाविप महासमुंद के जिला संयोजक ललित साहू ने कहा कि ममता सरकार इस असंवेदनशीलता और अपराधियों को संरक्षण देने की नीति के खिलाफ छात्र-छात्राओं में गहरा आक्रोश है। इस पुतला दहन के माध्यम से अभाविप ने यह संदेश दिया है कि बंगाल की जनता और देशभर के युवा अब चुप नहीं बैठेंगे। दोषियों को सजा दिलाने और बंगाल में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने ममता सरकार के खिलाफ नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन होंगे। इस दौरान अभाविप महासमुंद के विभाग संगठन मंत्री शिवशंकर प्रजापति, निखिल चंद्राकर, हमेंद्र चंद्राकर, मोहित तिवारी, सृजन डडसेना, आर्यन तारक, भारत लहरे, रमन सेन, पुलत्स्य चंद्राकर, राहुल सोनवर्षा, सोनू निषाद आदि उपस्थित थे।