महासमुन्द
वैज्ञानिक कहते हैं-जैसा नाम वैैसा ही गुण, कैंसर से भी बचाता है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अगस्त। बहुरंगी और औषधि धान की खेती के लिए चर्चित युवा किसान योगेश्वर चंद्रकार ने इस बार अपने गांव कौंदकेरा स्थित खेत में संजीवनी नाम का धान बोया है। कृषि वैज्ञानिकों का मानना है कि इस धान का चावल औषधीय गुणों से भरपूर है गूगल में भी फसल के औषधीय गुणों को सर्च कर जाना जा सकता है। कृषि विश्व विद्यालय रायपुर इस धान को इम्युनिटी बढ़ाने के साथ ही कैंसर की रोकथाम में मददगार कहते हैं।
किसान योगेश्वर चंद्राकर कहते हैं-संजीवनी धान छत्तीसगढ़ का नवीन औषधीय किस्म है। इसका चावल शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और कैंसर कोशिकाओं की रोकथाम में उपयोगी पाई गई है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के विज्ञानियों ने इस धान की प्रजाति विकसित की है। पारंपरिक औषधीय धान की किस्मों से इसका चयन हुआ है। इसके औषधीय गुणों के आधार पर विस्तृत विश्लेषण के बाद इसे तैयार किया गया है। केवल 10 दिन तक इसका उपयोग करने से रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि देखी गई है।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र मुंबई के सहयोग से पिछले छह वर्षों में किए गए शोध के बाद तैयार संजीवनी किस्म में मौजूद उच्च स्तर के फ ाइटोकेमिकल्स के कारण ही इसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और कैंसररोधी औषधीय गुण मिले हैं। संजीवनी धान में सामान्य धान की अपेक्षा 231 अतिरिक्त फाइटोकेमिहोमकल्स पाए गए हैं। जिनमें से सात मेटोबोलाइट शरीर की प्रतिरोधक क्षमता के लिए आवश्यक ट्रांस्क्रिप्शन फैक्टर को सक्रिय करते हैं।
जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य बीज उपसमिति ने संजीवनी धान की किस्म की अनुशंसा की है। इसके अलावा बौना लुचई, छत्तीसगढ़ तेजस धान, इंद्रावती धान और छत्तीसगढ़ ट्राम्बे मूंगफली नवीन किस्मों को भी अनुशंसित किया गया है। इस पर किए गए शोध के अनुसार संजीवनी चावल महिलाओं में स्तन कैंसर,फेफड़ों के कैंसर और कोलोरेक्टल कैंसर कोशिकाओं के विरुद्ध शक्तिशाली कैंसररोधी गुण प्रदर्शित करता है।
शोध के अनुसार संजीवनी ब्राउन राइस द्वारा उच्च बैक्टीरियल फागोसाइटोसिस और मैक्रोफेज द्वारा मृत कोशिकाओं की निकासी व टी कोशिका प्रसार में वृद्धि होती है। संजीवनी चावल एंटी वायरल एवं कैंसर रोग से बचाव में भी उपयोगी पाया गया है। संजीवनी राइस में सात ज्ञात जैविक अणु मेटाबोलाइट्स पाए गए हैं। इससे शरीर में एंटीआक्सीडेंट का उत्पादन होता है और जिससे विभिन्न रोग प्रतिरोधक क्षमती बढ़ाने वाली क्रिया में वृद्धि होती है।
मालूम हो कि कृषक योगेश्वर चन्द्राकर ने इससे पहले भी ब्लैक राइस, रेड राइस एवम ग्रीन राइस के फसलों के साथ लाल एवम काली मूली, नीला आलू जैसी सब्जी वर्गीय फसलों का भी उत्पादन किया है। ब्लैक राइस शुगर फ ्री होने के कारण डाइबिटीज के मरीजों के लिये डाइट में उपयोग किया जाता है वही ग्रीन राइस ग्लूटेन रहित कस्तूरी प्रजाति का धान है जो मोटापा कम करने के साथ इम्युनिटी बूस्टर गुणों से भरपूर है। जबकि रेड राइस में गलीमेक्स इंडेक्स कम होने से यह शर्करा को नियंत्रित करने के साथ-साथ रक्त निर्माण में भी सहायक है।
निश्चित ही युवा कृषकों द्वारा इस तरह कृषि को व्यवसायिक एवम औषधीय रूप में करने से न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, साथ ही दैनिक जीवन में भोजन में औषधीय अनाजों के सेवन से गिरती स्वास्थ दर में सुधार होगा। महंगे खर्चीले इलाज से लोगों को राहत मिलेगी। हमारी नई पीढ़ी, जो कृषि से दूर होने लगे है, उन्हें कृषि से जुडऩे एवम कृषि कार्य को अपनाने की दिशा में बेहतरीन पहल साबित हो रही है।