महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 18 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस पर सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मैच कलम इलेवन की टीम ने जीता, जबकि कुर्सी इलेवन उपविजेता रही। मैन ऑफ द मैच मोनू सलूजा को दिया गया। मैच का आयोजन पत्रकार प्रेमचंद सोनी की स्मृति में लक्ष्मीकांत सोनी ने किया। कार्यक्रम संचालन वरिष्ठ साहित्यकार शिवशंकर पटनायक ने किया।
नगर के शहीद भगत सिंह खेल मैदान में सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। नगर के पत्रकारों की टीम कलम इलेवन के कप्तान वरिष्ठ पत्रकार रजिंदर खनूजा थे, वहीं जनप्रतिनिधियों की टीम कुर्सी इलेवन के कप्तान भाजपा के वरिष्ठ नेता शंकर अग्रवाल थे।
12- 12 ओवर के इस मैच में टॉस कलम इलेवन ने जीता और कुर्सी इलेवन को बैटिंग के लिए आमंत्रित किया। कुर्सी इलेवन ने पहले बेटिंग करते हुए 99 रन बनाए, इसमें सन्नी रोहिल्ला ने 35 एवम विक्की ठक्कर ने 23 रन बनाए, जबकि कलम इलेवन ने 5 विकेट खोकर ही 100 रन का लक्ष्य हासिल कर मैच जीत लिया। इनमें सबसे अधिक अंशुल तिवारी ने 42 रनों का योगदान दिया। कलम इलेवन की ओर से रजिंदर खनूजा, मोनू सलूजा, राजा बाबू एवं राजा शुक्ला ने 2 - 2 विकेट लिए।
प्रेमचंद स्मृति मेडल से सम्मानित
सद्भावना क्रिकेट मैच समाप्ति के बाद आयोजक लक्ष्मी कांत बबलू सोनी ने स्व. प्रेमचंद सोनी स्मृति मेडल विजेता एवम उपविजेता टीम को एक समारोह में मुख्य अतिथि प्रेमशंकर पटेल द्वारा प्रदान किया गया। क्रिकेट मैच में भाजपा के वरिष्ठ नेता शंकर अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार रजिंदर खनूजा,भाजपा नेता प्रेमशंकर पटेल, विक्की सलूजा, समाजसेवी, पत्रकार एवम अधिवक्ता आकाश अग्रवाल, संतोष गुप्ता, राजा बाबू उपाध्याय, राजा शुक्ला, बबलू सोनी, आशीष शर्मा, एफ ए नंद, समीर प्रधान गोविब्द शर्मा, दुलीकेशन साहू, एवम देव पटेल सहित अनेक पत्रकार एवम जनप्रतिनिधियो सहित काफी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।सीनियर खिलाडिय़ों के खेल का दर्शकों ने जमकर लुत्फ उठाया।
मैच के पूर्व दो दिवंगत खिलाडिय़ों को श्रद्धांजलि
मैच प्रारम्भ होने के पहले नगर के दो वरिष्ठ खिलाड़ी प्रकाश श्रीवास्तव एवं एडवोकेट पी ए प्रधान के निधन पर मैदान में ही दो मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।