महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 11 अगस्त । जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेत्री अलका चंद्राकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के हर घर तिरंगा अभियान ने आजादी के अमृत महोत्सव में एक नई ऊर्जा भरी है। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को नई ऊंचाई तक ले जा रहे हैं। देश की आन बान शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को घर-घर फहराना है। हर बूथों में कम से कम 50 तिरंगा घर-घर फहराया जाएगा। प्रदेश में 11 से 15 अगस्त तक यह कार्यक्रम होना है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम से जनता में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करेगा एवं कार्यकर्ता हर घर जाकर समूह में तिरंगा फहराएंगे।
अलका चंद्राकर हर घर तिरंगा अभियान के टोली प्रमुख ने बताया कि 14 अगस्त को सभी स्मारक शहीद प्रतिमा युद्ध स्मारक में स्वच्छता अभियान चलाकर माल्यार्पण भी किया जाएगा। तिरंगा यात्रा प्रत्येक विधानसभा में आयोजित की जाएगी। इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भाजयुमो के द्वारा होगा।
उन्होंने आम जनता से इस पुनीत कार्य में सहभागी होने का निवेदन किया है एवं यह राष्ट्र व्यापी अभियान है, इसमें आमजन महिला पुरुष युवा साथी सभी सहभागी बने। उन्होंने सबसे अपील की है कि इस आयोजन के फोटो ग्राफ्स सोशल मीडिया पर भी शेयर करें।