महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10अगस्त। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत 9 से 15 अगस्त के हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत बसना में अनुविभागीय अधिकारी एसडीएम रविराज सिंह ठाकुर के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में तिरंगा रैली निकाली गयी। इस दौरान तिरंगा यात्रा के माध्यम से सभी भारतीय नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज अपने-अपने घरों में फहराने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम रविराज सिंह ठाकुर ने कहा कि तिरंगा देशवासियों की आन-बान और शान है। इसे हमें सदैव बरकरार रखना है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी सनत महादेवा ने कहा कि आज हमारा देश समृद्धि की ओर बढ़ रहा है। पूरे दुनिया की नजर हमारे देश भारत की ओर है और तमाम बाधाओं को दूर करते हुए पुन: भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। विकास खंड स्रोत समन्वयक पूर्णानंद मिश्रा ने आजादी के अमृत महोत्सव का बधाई देते हुए कहा कि हम कृषि, रक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, शिक्षा, तकनीकी, खेल, अंतरिक्ष आदि हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसना बद्री विशाल जोल्हे एवं लोकेश्वर सिंह कंवर ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव भारत के लोगों को समर्पित है जिन्होंने देश के विकास और इसकी विकासवादी यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
नगर पंचायत बसना के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूरज सिदार ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। तिरंगा यात्रा कार्यक्रम के पीछे का विचार लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाना और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है।
मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा रैली के अवसर पर नायब तहसीलदार बसना ललित सिंह,सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, लोकेश्वर सिंह कंवर, विकास खंड स्रोत समन्वयक पूर्णानंद मिश्रा, महिला बाल विकास अधिकारी उपेन्द्र नाग, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेश पटेल, प्रेमचन्द बंजारे, संदीप कुमार, आंचल चंद्राकर,जनपद पंचायत बसना, नगर पंचायत बसना, शिक्षा विभाग के कर्मचारी, तहसील विभाग के कर्मचारी, बसना के नागरिक आदि भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।