महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अगस्त। महासमुंद जिले में जंगली हाथियों का उत्पात कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिला मुख्यालय महासमुंद के ईर्द-गिर्द मंडरा रहे एक दंतैल हाथी ने बीती रात शहर से लगे झालखम्हरिया ग्राम में हाइवे किनारे एक मकान पर धावा बोला। मकान से लगे दुकान का शटर तोड़ा और दूसरी दुकान के शटर को तोडक़र वहां रखे 2-3 कट्टे धान को चट कर गया। बाद में हाइवे 353 पर खड़े होकर करीब घंटे भर आवागमन अवरूद्ध कर दिया।
वन विभाग के सूत्रों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार एक दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से आकर महासमुंद शहर के आसपास पखवाड़े भर से मंडरा रहा है। बीती रात करीब ढाई बजे वह जीवतरा, धनसुली की ओर से ग्राम झालखम्हरिया पहुंचा। हाइवे से लगे सीताराम साहू के मकान में उसने धावा बोल दिया। साहू परिवार के सभी सदस्य भीतर सोये हुये थे। शटर तोडऩे की आवाज सुनकर परिवार जाग गया। सीताराम समझ चुके थे कि ये हाथी का ही उत्पात हो सकता है। वे अपने परिवार के साथ छत पर चले गए। वहां से टार्च की रोशनी में उन्होंने दंतैल को घर से लगी दुकान का शटर तोड़ते देखा।
यहां मोटर वाइडिंग की दुकान का शटर तोडऩे के बाद दूसरी दुकान का भी हाथी ने शटर तोड़ा तथा वहां रखे धान को चट किया। इस दौरान सीताराम ने बड़ी मशाल जलाकर हाथी को खदेडऩे का प्रयास किया। काफ ी प्रयास के बाद हाथी एनएच.353 पर बीच में जाकर खड़ा हो गया। इस वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सीताराम ने बताया कि हाथी ने साढ़े 3 बजे तक करीब घंटे भर हाइवे को जाम किया। कुछ देर बाद वन विभाग की टीम भी पहुंची। टीम ने सायरन बजाया और मशाल भी लहराई गई। बड़ी मशक्कत के बाद दंतैल गौरखेड़ा, सोरिद, मुड़मार की ओर चला गया।
मालूम हो कि अपने दल से बिछड़े एक अन्य दंतैल ने 2-3 दिन पूर्व ग्राम कोना में धावा बोलकर एक किसान के घर को नुकसान पहुंचाया था और घर में रखा धान खा गया था। बहरहाल रेंजर सियाराम कर्माकर टीम के साथ हाथी के आसपास सतत पेट्रोलिंग कर रहे हैं। उनके अलावा एक और टीम इस काम में लगी हुई है। श्री कर्माकर ने आज सुबह छत्तीसगढ़ को बताया कि रात में झालखम्हरिया से होकर दंतैल गौरखेड़ा जंगल में रहा। कल शाम होने के बाद बनसिवनी,परसदा में उसकी लोकेशन मिली। आज भी उसका लोकेशन परसदा में है।
उन्होंने बताया कि कल शाम को सोरिद, बनसिवनी, लोहारडीह, परसदा, अरंड, उमरंदा तथा आसपास के ग्रामों में मुनादी कर ग्रामीणों को सचेत किया गया है। साथ ही रात में या सुबह तक हाइवे 53 को क्रॉस कर सिरपुर की ओर बढऩे की संभावना देखते हुए पिरदा, बिरबिरा, बांसकुड़ा, लहंगर,कुकराडीह, मालीडीह, गुडरूडीह आदि गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।