महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 अगस्त। प्रतिबंध के बावजूद जिले के कई रेत घाटों से रेत निकालने का काम जारी है। रेत निकालने वालों को सरकार के अफसरों का खौफ तो है नहीं लेकिन अब उन्हें नदी और उसके पानी का खौफ भी नहीं है। नदी में पानी उनका रास्ता रोक रहा था लेकिन रेत निकालने वालों ने इसका एक सीधा रास्ता निकाल लिया है। अब वे नाव में मशीन लगाकर नदी से रेत निकाल रहे हैं।
यह तस्वीर 7 अगस्त की है जब महासमुंद के मोहकम में नदी के भीतर नाव के जरिए रेत निकाला जा रहा था। बारिश के सीजन में सरकारी गाइड लाइन के अनुसार जून से अक्टूबर तक रेत के उत्खनन व परिवहन पर प्रतिबंध लगा होता है। गांव वालों ने कल इसकी सूचना विभाग को दी तो सूचना पर खनिज विभाग ने अवैध रेत भण्डारण काम में लगे एक पोकलैण्ड मशीन को जब्त कर तुमगांव पुलिस के हवाले किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रेत माफिया नाव के जरिये रेत का उत्खनन कर भण्डारण करके रात्रि में रेत का परिवहन कर रहे हैं।