महासमुन्द
एक किलोमीटर दूर से बर्तनों में लाते हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 अगस्त। महासमुंद जिले में शिक्षा विभाग हमेशा सुर्खियों में रहता है। हाल ही में मतगणना में स्कूलों से हजारों कुर्सियां लाकर लौटाना भूल गये थे। इसी तरह एक स्कूल में शिक्षक और बच्चे कक्षा के भीतर टपकते पानी में छतरी लेकर खड़े थे। एक स्कूल में मध्यान्ह भोजन के लिए बच्चे पानी ला रहे थे। अब पता चला है कि जिले के अंतिम छोर पर स्थित सिरबोड़ा में स्कूली बच्चे अपने पीने के लिए पाानी का इंतजाम खुद ही करते हैं। यह भी जानकारी मिली है कि स्कूल के प्रिंसिपल बच्चों से पानी ढुलवाते हैं और पानी ढुलाई करने के बाद बच्चे कक्षा में पढ़ाई करते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सिरबोड़ा के हाई स्कूल परिसर में बोरवेल तो है, लेकिन उसके पानी का उपयोग नहीं किया जाता। इसलिए बच्चे एक किलोमीटर दूर से बर्तनों में पानी धुलाई करते हैं। कक्षा लगने से पहले पानी ढुलाई करवाने से बच्चे थक जाते हैं। स्कूल के बच्चे यह सब काम वहां पदस्थ प्रभारी प्रिंसिपल के कहने पर करते हैं।
पानी ढोने वाले बच्चों ने बताया कि स्कूल में महापात्र सर के कहने से वे रोजाना इसी तरह एक किलोमीटर दूर से पानी ढोते हैं। महापात्र सर स्कूल के प्रिंसिपल हैं।
पालक सवाल उठा रहे हैं कि शारीरिक श्रम करने के बाद बच्चों की पढ़ाई लिखाई में कैसे मन लग सकेगा? बच्चे थक जाते हैं और कक्षा लगते ही उन्हें नींद आ जाती है। इस मामले को लेकर स्कूल के प्रभारी प्रिंसिपल महापात्र से उन्होंने कार्य में व्यस्तता का हवाला देकर कुछ भी नहीं बताया।
पालक अब शिक्षा विभाग के अफ सरों से मुलाकात का मन बना रहे हैं। कहते हैं कि कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर जिले के मुखिया को बच्चों केहालत की जानकारी दी जाएगी और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले ऐसे बेपरवाह शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग की जावेगी।
जानकारी अनुसार सिरबोड़ा हाईस्कूल में 9वीं और 10वीं की कक्षाएं लगती है। स्कूल में 3 टीचर हैं। ये तीन टीचर 35 बच्चों को पढ़ाते हैं। इस स्कूल में पीने के पानी की समस्या कई दिनों से बरकरार है। लिहाजा छात्रों को हर रोज साइकिल पर ड्रम लेकर पानी के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। स्कूल के टीचर ने उन्हें पीने का पानी लाने भेजा हैं।
यह मामला जब जिला शिक्षा अधिकारी मोहनराव सावंत के संज्ञान में आया तो उन्होंने कहा कि स्कूल में पीने के पानी की समस्या की जानकारी मुझे नहीं है। बच्चों से स्कूल के दौरान पानी भरवाने पर जांच कर कार्रवाई करेंगे। मीडिया से जानकारी मिलते ही संबंधित स्कूल के प्राचार्य और बीओ को पत्र जारी कर जांच के लिए कहा गया है। जांच में सही पाये जाने पर कार्रवाई की जाएगी।