महासमुन्द
महासमुंद,7 अगस्त। महासमुंद नगर के चार युवाओं ने रायपुर में संपन्न 46वीं नेशनल आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में दो गोल्ड, एक सिल्वर एवं एक ब्रांज मेडल हासिल कर नगर सहित प्रदेश को गौरवान्वित किया है। नेशनल लेवल की उक्त प्रतियोगिता एक अगस्त को वीआईपी रोड स्थित एक धर्मशाला रायपुर में हुई थी।
पंजा कुश्ती खिलाड़ी लक्की प्रधान ने उक्ताशय की जानकारी देते हुए बताया है कि प्रतियोगिता में देश भर से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिसमें छग से 60 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए थे। इसी में नगर के युवा खिलाड़ी राहुल सोनी ने 55 केजी वेट केटेगिरी में गोल्ड मेडल, युवराज सिंह राजपूत ने 50 केजी केटेगिरी में गोल्ड मेडल, प्रभात बघेल ने 65 केजी में सिल्वर मेडल एवं हर्ष चन्द्राकर लेफ्ट हैंड 55 केजी केटेगिरी में ब्रांज मेडल हासिल किया। उल्लेखनीय बात यह रही कि बागबाहरा जैसे कस्बाई नगर के उक्त चारों युवाओं ने अपनी प्रतिभा एवं कौशल के साथ उक्त उपलब्धि हासिल कर अपने परिवार नगर व प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि पर नगर में हर्ष व्याप्त है। उन्हें बधाईयां दी जा रही है।