महासमुन्द

बाजार नहीं मिला, पिछले बरस 60 एकड़, इस साल बार कपास का रकबा जीरो
06-Aug-2024 3:09 PM
बाजार नहीं मिला, पिछले बरस 60 एकड़,  इस साल बार कपास का रकबा जीरो

महासमुंद के किसानों ने कपास उत्पादन से मुंह मोड़ा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 6 अगस्त।
उत्पादन बिक्री के लिए बाजार नहीं मिलने के कारण इस साल जिले के एक भी किसान ने कपास की खेती नहीं की है। गत वर्ष जिले में 60 एकड़ से अधिक रकबे में कपास की खेती की गई थी। पिछले साल उत्पादन भी अच्छा हुआ था। लेकिन महासमुंद जिले में कपास को लेकर मंडी नहीं है। लिहाजा किसान अपनी फसल बेच नहीं सके। कई किसानों ने यहां से महाराष्ट्र या मध्यप्रदेश जाकर अपना कपास बेचा था। तब ट्रांसपोर्टिंग चार्ज अधिक होने की वजह से किसानों को कोई खास मुनाफा नहीं हो पाया और कपास उनके लिए सिर दर्द बन गया। 

मालूम हो कि पिछले साल विभाग ने सफेद सोना की उपाधि देते हुए कपास उत्पादन के लिए भी सरकार ने ऋण की सुविधा दी थी। साथ ही पानी बचाने के लिये मिलेट्स सहित कपास की फसल को भी प्रोत्साहित किया था। लेकिन बाजार नहीं मिला था। इसका असर हुआ कि इस साल किसानों ने कपास की खेती से मुंह मोड़ लिया और जिले में इस बार कपास की खेती का रकबा शून्य हो गया। 

मालूम हो कि फसल चक्र परिवर्तन करने के लिए शासन प्रशासन वर्षों से इस दिशा में प्रयास कर रही है। वर्ष 2022 में जिले के कुछ किसानों ने कपास की खेती सेंपल के तौर पर की थी। महासमुंद जिले में कपास के लिए पर्याप्त जलवायु होने की वजह से उत्पादन अच्छा हुआ था। जिसे किसानों ने रायपुर में लोकल बाजार में बेचा था। 

बरेकेल निवासी किसान लक्ष्मीलाल साहू ने बताया वर्ष 2023 में उन्होंने ढाई एकड़ में कपास का उत्पादन लिया था। लगभग 18 गठान कपास का उत्पादन हुआ था। इसे बेचने के लिए वे पहले तो लोकल व्यापारियों तथा दलालों के पास चक्कर काटते रहे। अंतत: नहीं बिकने के बाद गोंदया ले जाकर कपास बेचा। हालाकिए नुकसान तो नहीं हुआ। लेकिन मुनाफा भी नहीं मिला।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले साल जिले के 50-60 किसानों ने कपास का उत्पादन किया। लेकिन बड़े मात्रा में कपास को बेचने उन्हें बाजार नहीं मिल पाया। फलस्वरूप कुछ किसानों ने नागपुर ले जाकर कपास को औने-पौने दाम में बेचा। जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ। अब इस बार जिले में किसी भी किसान ने कपास का उत्पादन नहीं लिया है।

मानपुर के किसान कुशल साहू ने बताया कि उन्होंने पहली बार 2023 में कपास को सेंपल के तौर पर 1 एकड़ में लगाया था। फसल अच्छी हुई थी। लेकिन विक्रय के लिए लोकल शहर में कोई माध्यम नहीं मिला। बाद रायपुर गोलबाजार में पूजन सामग्री के होलसेल डिलरों को कपास बेचा। कहा कि यदि धान, महुआ, इमली, चार की तरह लोकल कपास की मंडी हो जाए तो कपास किसानों के लिए कम पानी में होने वाली फसल का अच्छा विकल्प होगा।

एफ आर कश्यप उप संचालक, कृषि महासमुंद का कहना है कि किसी भी फसल को उत्पादन करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह आवश्यक है। कपास का उत्पादन भले ही यहां अच्छा है। लेकिन बाजार नहीं होने की वजह से बेचने की परेशानी है। इस वर्ष एक भी किसान ने कपास की फसल नहीं उगाई।
 


अन्य पोस्ट