महासमुन्द

लीम के डारा, बांस के गेंड़ी, गुलगुला भजिया गुरहा चीला अउ नांगर गैंती वाली हरेली
05-Aug-2024 2:29 PM
लीम के डारा, बांस के गेंड़ी, गुलगुला भजिया गुरहा चीला अउ नांगर गैंती वाली हरेली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 5 अगस्त।
दरवाजे पर, वाहनों में नीम की डाली बांध, बांस की गेड़ी में चढक़र, गुलगुला भजिया-गुरहा चीला खाकर, नांगर और गैंती पूजा कर, दइहान में पशुधन को बीमारियों से बचने के लिए दवाई खिलाकर छत्तीसगढ़ का पहला त्यौहार हरेली रविवार को हर्षोल्लास मना लिया गया। 

रविवार को सावन अमावस्या हरेली पर जिले के गांवों में कुछ अलग ही उत्साह था। किसानों ने अपने कृषि यंत्रों की पूजा कर अच्छी फसल की कामना की और बच्चों के साथ बड़ों ने भी त्यौहार का आनंद उठाया। 

मालूम हो कि हर साल सावन में अमावस्या को किसान फसलों में किसी प्रकार की बीमारी न लगे, गांवों में कोई भी व्यक्ति बीमार न हो और पशुधन को बीमारी से बचाने के लिए यह त्यौहार मनाते हैं। पर्यावरण संरक्षण को लेकर किसानों द्वारा यह हरेली का त्योहार बड़ा ही उपयोगी माना जाता है। हरेली यानि हरियाली का पर्व मुख्यत: खेती किसानी से जुड़ा त्योहार है। इसीलिए कल क्षेत्रों में किसानों ने नांगर,  गैंती, कुदाल, रापा समेत कृषि काम में आने वाले औजारों की साफ  सफाई कर पूजा की और अच्छी फसल की कामना के साथ बैल, गाय और भंैस को बीमारी से बचाने के लिए औषधियुक्त लोंदी खिलाई। खेत व फसल की रक्षा के लिए धूप, दीप और अक्षत से गांव देवता की पूजा की और घर के मुख्य द्वार पर, वाहनों में नीम के पत्ते लगाए। 

मान्यता है कि इससे परिवार के लोगों की अनिष्ट से रक्षा होती है। हरेली चूंकि छत्तीसगढ़ का पहला त्योहार है। इसके मद्देनजर घरों में स्वादिष्ट व्यंजन गुड़ का चीला, ठेठरी, खुरमी और गुलगुला भजिया बनाए गए। 


अन्य पोस्ट