महासमुन्द
पेड़ काटने और कूड़ा कचड़ा फ़ैलाने पर प्रतिबंध
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अगस्त। जिले के सरायपाली विधानसभा अंतर्गत आने वाले ( बूढ़ा डोंगर ) शिशुपाल पर्वत पिकनिक स्पॉट और ट्रैकिंग पॉइंट में अब कूड़े कचड़े मुक्ति के लिए सैर करने वालों के लिए कुछ नियम शर्ते बना दिया गया है।
शिशुपाल पर्वत के प्रमुख द्वार पर अब वन विभाग के आदेशानुसार गठित समिति ने बेरियर बनाकर पर्वत में चढऩे वाले प्रति व्यक्ति पर 20 रुपए शुल्क लिये जाने का प्रावधान किया गया है। अब हर रोज सुबह से यहां समिति के सुरक्षा गार्ड मौजूद रहते हैं। इसके अलावा शिशुपाल पर्वत के नीचे या ऊपर प्लास्टिक का उपयोग करना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा अब शिशुपाल पर्वत पर मदिरा पान करना पूर्ण वर्जित कर दिया गया है।
इससे पहले ऊपर पहाड़ में ही शराब सेवन करते लोग अक्सर नजर आते थे। अब बिना अनुमति के पर्वत के ऊपर टेंट लगाना भी वर्जित है। वन विभाग ने शिशुपाल पर्वत पर आग लगाने से लेकर पेड़ काटने और कूड़ा कचड़ा फ़ैलाने को पूर्ण प्रतिबंध कर दिया है वन विभाग का मानना है कि यह जैव विविधता से पूर्ण एक दर्शनीय स्थल है।
अत: शिशुपाल पर्वत के प्रमुख द्वार पर वन विभाग के आदेशानुसार गठित समिति ने बेरियर बनाकर ,पर्वत में चढऩे वाले प्रति व्यक्ति पर 20 रु शुल्क लिये जाने का प्रावधान किया है। नियम तोडऩे पर 15 हजार तक की जुर्माना और एक साल तक की जेल हो सकता है. वन विभाग ने पहली बार ऐसे कड़ा नियम बनाया है जिसमे पर्वत और वन संरक्षण को लेकर बनाए गए हैं।
शिशुपाल पर्वत की नीचे या ऊपर प्लास्टिक का उपयोग. मदिरा पान करना, बिना अनुमति के पर्वत के ऊपर टेंट लगाना वर्जित है. यहां आग लगाने, कूडा कचड़ा फ़ैलाने वालों को भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 (1) क ( ख ) ( ग ) (घ ) ( ड )( च )( छ ) के तहत एक वर्ष तक की कारावास और 15 हजार जुर्माना हो सकता है।
गौरतलब है कि शिशुपाल पर्वत की ऊंचाई जमीन तल से हजारों फीट ऊपर है। यह वर्तमान में एक पिकनिक स्पॉट है, जो कई किलोमीटर क्षेत्र में फैला है। कहा जाता है कि यह पहले राजाओं और सैनिकों के लिए एक अभेद किला था और इस किले में शस्त्र लेकर गुजरने वाले सैनिकों के लिए गुप्त सुरंगे थी।
बताया जाता है कि अंग्रेजों के आक्रमण के बाद यहां के अंतिम राजा शिशुपाल और सैनिकों ने अंग्रेजों के साथ भयंकर युध्द किया और आखिर में राजा शिशुपाल मारे गये. युद्ध में अंतिम राजा के मारे जाने के बाद 7 रानियों ने मर्यादा की रक्षा के लिए 1 हजार फीट की चोटी से घोड़ों पर बैठकर छलांग लगा दी, इसीलिए इसका नाम घोड़ा धार पड़ा ।
यहां एक प्राचीन शिव मंदिर हैं। भगवान शिव को समर्पित इस मंदिर के बाहर आज भी मकर संक्रांति के अवसर पर विशाल मेला लगता है। हज़ारों की संख्या में श्रृद्धालु यहां आते हैं। कहते हैं कि इस सूर्यमुखी मंदिर में पहले हनुमान सिक्का जड़ा हुआ था। जिसे बहुत शक्तिशाली और प्रभावशाली माना जाता था। लेकिन अब यह सिक्का यहां से गायब है।
यहां एक बहुत लंबी सुरंग है। हालांकि नदी की रेत ने अब इस सुरंग का मार्ग अवरुद्ध कर दिया है लेकिन स्थानीय निवासी बताते हैं कि सुरंग के भीतर अब भी राजा के अस्त्र-शस्त्र पड़े हुए हैं।
इस पर्वत के ईर्द-गिर्द बहुत सी आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां देखी जा सकती हैं। शतावर और अश्वगंधा खासकर यहां बहुत अच्छी मात्रा में हैंं। शिशुपाल पर्वत को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किए जाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. हालांकि पहले से भी यहां पर्यटक आते रहे हैं। लेकिन आगे सुविधाएं और बेहतर होंगी। यदि आप भी शिशुपाल पर्वत की ट्रिप प्लान करते हैं तो आप छत्तीसगढ़ के महासमुंद रेलवे स्टेशन पर उतर सकते हैं। या फिर विवेकानंद हवाई अड्डे, रायपुर तक आने के बाद कैब से आगे का सफऱ कर सकते हैं।