महासमुन्द

हाथीदल पहुंचा केशवा के जंगल में
31-Jul-2024 3:30 PM
हाथीदल पहुंचा केशवा के जंगल में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जुलाई।
महासमुंद वनपरिक्षेत्र में विचरण कर रहे तीन हाथियों का दल एन एच 53 और एन एच 353 को क्रास कर शहर के समीप केशवा जंगल में पहुंच गये हंै। जिससे आसपास के इलाकों के ग्रामीणों में दहशत है।

वन विभाग की टीम निरंतर लोकेशन ट्रेस कर आसपास के इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को अलर्ट कर रही है। मालूम हो कि इन तीन हाथियों को 14 जुलाई को वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 131, 132, 133 में देखा गया था। जिसमें एक छोटा हाथी एम ई 2 बबलू और दो दंतैल हाथी थे। 

वन विभाग के मुताबिक ये ओडिशा से विचरण कर इधर आये हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि हाथियों का दल केशवा के जंगल से होते हुए गरियाबंद की ओर जा सकता है। महासमुंद वनपरिक्षेत्र के परिक्षेत्राधिकारी सियाराम कर्मकार ने बताया कि अभी तीनों हाथियों का लोकेशन केशवा के जंगलों में है। वहां वन अमला मौजूद है। अनुमान लगाया जा रहा है कि शाम तक हाथियों का दल वहीं रहेगा। उसके बाद आगे बढ़ेगा। केशवा जंगल से लगे आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है। महासमुंद वनपरिक्षेत्र में हाथियों के कुचलने से लगभग दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों लोग घायल हो चुके हंै। वन विभाग लगभग करोड़ों रुपए का फसल नुकासानी का मुआवजा बांट चुका है।


अन्य पोस्ट