महासमुन्द
कहा-कांग्रेस नेता के मकान बुलडोजर चलाएं
महासमुंद, 21 जुलाई। पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विमल चोपड़ा ने कांग्रेस नेता धीरज सरफराज पर की गई जिला बदर के कार्रवाई को उचित ठहराते हुए इसे देर से लिया फैसला बताया।
कहा कि इस फैसले से उन परिवार को न्याय मिलेगा, जिन्होंने शराब की लत में अपने परिवार को बर्बाद होते हुए देखा है। साथ ही अपनी आंखों के सामने अपनों को मरते हुए देखा है। पूरे क्षेत्र को अवैध शराब के शिकंजे में जकड़ कर अवैध कमाई करने वालों के लिए भारतीय जनता पार्टी के शासन का यह कड़ा संदेश है कि अब उनकी खैर नहीं है।
भाजपा शासन के आते ही मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री के निर्देश पर अवैध नशे के कोचियों को कानून के शिकंजे में जकड़ा गया। उन सभी को कांग्रेस शासन का संरक्षण प्राप्त था और एक मोटी रकम कांग्रेस के नेताओं को हफ्ते के रूप में पहुंचाते थे। आज ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई का परिणाम है कि शराब की दुकानों पर चल रही ढेबर एंड कंपनी की अवैध दुकान बंद हो गई है।
ढेबर एंड कंपनी के एजेंट अब जिला बदर और जेल जाने जैसी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। धीरज सरफराज पर हुई इस कार्रवाई से उन लोगों को संतोष मिलेगा जो इनके उनके अपराध के कारण प्रताडि़त रहे हैं।
डॉ.चोपड़ा ने प्रशासन से मांग की है कि धीरज सरफराज की अवैध गुटखा फैक्ट्री प्रकरण पर भी कठोर कार्रवाई करें एवं उनकी संपत्ति की जांच करते हुए उसके मकान नयापारा एवं सुभाष नगर की भूमि की भी जांच कर अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाएं।