महासमुन्द

इस साल भी विधायक परिवार करेगा सावन में महारुद्राभिषेक, तैयारी पूरी
20-Jul-2024 2:52 PM
इस साल भी विधायक परिवार करेगा सावन में महारुद्राभिषेक,  तैयारी पूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 20 जुलाई।
महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा विगत 8 वर्षों से श्रावण मास में महारूद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। इस बार 9वें वर्ष में पुन: सोमवार 22 जुलाई से श्रावण मास की शुरुआत से एक माह का महारूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो गई है।

कार्यक्रम प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी विशाल मेगा मार्ट परिसर के पास विधायक जनदर्शन कार्यालय के पीछे करवाया जा रहा है। एक माह तक चलने वाले इस महारूद्राभिषेक में अलग-अलग स्थानों से आए पुरोहितों द्वारा रूद्राभिषेक तथा महामृत्युंजय का जाप-अनुष्ठान कराया जाएगा।

इस बार श्रावण मास 22 जुलाई से शुरू हो रहा है। इसी दिन से महारूद्राभिषेक शुरू होगा, जो लगातार एक माह तक चलेगा। 19 अगस्त को श्रावण मास की पूर्णिमा के दिन इसका समापन होगा। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुचेंगे। इसके लिए जोर-शोर से तैयारियां चल रही है। महारूद्राभिषेक वाले स्थान में विशाल पंडाल तैयार हो गया है।  इस बड़े पंडाल में सैकड़ों श्रद्धालु एक साथ महारूद्राभिषेक कर सकेंगे। पंडाल में बड़ी संख्या में दंपत्ति एक साथ अनुष्ठान कर सकते हैं। वहीं अनुष्ठान में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को कोई भी सामग्री लाने की जरूरत नहीं है। सामग्री की व्यवस्था पूजा स्थल में होगी। इसके अलावा प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु आएंगे। इसके लिए अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही है। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने आमजन से इस महारूद्राभिषेक में शामिल होने की अपील भी की है।   
 


अन्य पोस्ट