महासमुन्द

शिक्षक मांगते पचरी के ग्रामीणों की चप्पलें घिस गर्इं, थककर कह रहे-या तो दो स्थाई शिक्षक भेजो, या स्कूल ही बंद कर दो
20-Jul-2024 2:50 PM
शिक्षक मांगते पचरी के ग्रामीणों की चप्पलें घिस गर्इं, थककर कह रहे-या तो दो स्थाई शिक्षक भेजो, या स्कूल ही बंद कर दो

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जुलाई।
शिक्षक की मांग को लेकर ग्राम पचरी के ग्रामीणों की चप्पलें घिस गईं, लेकिन यहां के स्कूूल को शिक्षक नहीं मिला। अब आक्रोशित ग्रामीण कह रहे हैं कि या तो यहां दो स्थाई भेजो वरना स्कूल ही बंद कर दो। 

ग्रामीणों ने बताया कि यहां 171 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। पिछले तीन साल से यहां स्थाई शिक्षक की नियुक्ति की मांग की जा रही है। विगत तीन साल में तीन शिक्षक मिले, लेकिन व्यवस्था और शिक्षण सत्र तक ही। समय समाप्त होते ही इन शिक्षकों की मूल शाला में वापसी हो जाती है। फिलहाल यहां दो शिक्षक हैं, जिनमें एक प्रधानपाठक हैं, जो अधिकांश समय कार्यालय के काम में व्यस्त रहते हैं। एक शिक्षिका पहली से पांचवीं तक के बच्चों को पढ़ाती हैं। 

गांव वाले कह रहे हैं कि बच्चे केवल स्कूल में उपस्थिति दर्ज कराने और मध्याह्न भोजन करने जा रहे हैं। शिक्षण समिति लगातार कम हो रही दर्ज संख्या पर खासा परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि तीन साल पहले से ही शिक्षक की मांग को लेकर प्रशासन से लगातार मांग की जा रही है, लेकिन शिक्षक की व्यवस्था न कर प्रशासन हमारे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। लचर व्यवस्था के कारण हमारे छात्र-छात्राएं पढ़ाई छोड़ रहे हैं।

सरपंच हेमलता डडसेना का कहना है कि गांव के स्कूल में शिक्षकों की व्यवस्था न होने के कारण यहां दर्ज संख्या लगातार कम हो रही है। वर्ष 2022 में दर्ज संख्या 196 थी जो 2023 में 176 और अब 2024 में 171 विद्यार्थी है। पालकों का कहना है कि अभी 171 दर्ज संख्या है। अगर स्थाई शिक्षक की व्यवस्था न हुई तो दर्ज संख्या कम होती जाएगी। 

शिक्षण समिति के अध्यक्ष परशु राम रात्रे, ग्रामीण डुनेश्वर प्रसाद टंडन, पंच गेंदराम जोशी ने बताया कि मामले को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग के पास कई बार गए हैं, पर मात्र आश्वासन ही दिया गया है। शिक्षक की कमी के चलते स्कूल में पढ़ाई का स्तर गिरता जा रहा है। दर्ज संख्या के हिसाब से स्थाई शिक्षक की व्यवस्था की जाए।

 


अन्य पोस्ट