महासमुन्द
तीन दिन में जानकारी नहीं देने पर रिकवरी -सीएमओ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जुलाई। राजीव मितान के पदाधिकारी नगर पालिका में ऑडिट रिपोर्ट जमा नहीं कर रहे हैं। पालिका प्रशासन ने सभी क्लबों को एक बार फिर नोटिस जारी किया है। तीन दिन का समय दिया गया है। तय समय में इसे जमा नहीं करने पर रिकवरी की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश कुमार ने बताया है कि नगर पालिका परिषद महासमुंद तहत 15 राजीव मितान क्लब है। इन क्लबों के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद के लिए एक साल में 25-25 हजार की चार किश्तों में एक लाख की राशि शासन से जारी की गई थी।
पालिका अधिकारी के मुताबिक नगर पालिका महासमुंद क्षेत्र के राजीव मितान क्लब के अध्यक्ष, सचिव को सूचना दिया गया है। उनसे कार्यक्रम कराने के संबंध जानकारी मांगी है। उपयोगिता प्रमाण पत्र भी मांगा गया है। इसके लिए तीन दिन का समय दिया गया है। अगर समयावधि में जानकारी नहीं आती है तो प्रशासन रिकवरी की कार्रवाई करेगी। ज्ञात हो कि प्रत्येक राजीव मितान क्लब को मिलने वाली राशि से सामाजिक, सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रम करना था। इसकी जानकारी नगर पालिका को देना था, लेकिन क्लबों ने अभी तक ऐसा नहीं किया।