महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 18 जुलाई। क्षेत्र में इस वर्ष विगत वर्षों से करीब आधी ही बारिश होने के कारण सूखे के हालात बनते जा रहे हैं।
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अब तक कोई 55 फीसदी खेतों में ही बुआई का कार्य पूरा हुआ है। इसके अलावा थरहा भी तैयार किया जा रहा है, यह बारिश की देरी से होने में काम आएगा।
विगत वर्ष हुई खरीफ की जबरदस्त पैदावार के बाद इस वर्ष असाढ़ निकलने के बाद भी किसान बारिश का इंतजार कर रहे हंै। क्षेत्र में वर्षा के हालात यह है कि यह खण्ड वर्षा की तरह: बरस रही है जिससे किसानों के चेहरों पर मायूसी देखी जा सकती है।
कृषि अधिकारी राजेश एक्का ने बताया कि वर्तमान में सूखे की स्थिति को ध्यान में रखते हुए शासन के निर्देश पर एक अलग कार्ययोजना पर कार्य कर किसानों को नुकसान से बचाया जाना है। इसके तहत जहां बारिश की कमी है उस क्षेत्र में तोरिया,सरसो एवं कुल्थी की फसल लेने की सलाह दी जाएगी।इससे किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा।
गिरना ग्राम के एक कृषक किशोर प्रधान ने बताया कि उनके क्षेत्र के 90 फीसदी किसान प्राकृतिक वर्षा के भरोसे खेती किसानी करते हैं। इस बार मौसम के बिगड़े मिजाज के कारण अधिकांश किसानों के खेतों में बोआई भी नहीं हुई है। कभी कभार होने वाली बारिश से किसानों ने अपने खेतों में हल चलाकर उसे खेती के लिए तैयार तो कर लिया है परन्तु बोआई के लिए भी बारिश नही हुई। लिहाजा अभी भी खेत जोत कर वैसे ही छोड़ दिये गए है।
खरीफ सीजन में 18 जुलाई की स्थिति में आम तौर पर 300 मिमी से ऊपर बारिश होती आयी है। परन्तु विगत वर्ष इस समय तक कुल 365 मिली मीटर बारिश के मुकाबले इस वर्ष अब तक मात्र 199.6 मिलीलीटर बारिश ही रिकॉर्ड की गई है। जिसके कारण अधिकांश किसान अब तक बोनी ही नही कर पाए है।
जिन किसानों ने बोनी की है उनकी भी फसल सूखने की ओर अग्रसर है।