महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 जुलाई। महासमुंद जिले की बागबाहरा ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला अनवरपुर 2 वर्षों से शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि 20 जुलाई तक शासकीय प्राथमिक शाला अनवरपुर में शिक्षकों की कमी को पूरा नहीं किया गया, तो पालक अपने बच्चों का टीसी निकलवाकर उनका दाखिला अन्य दूसरे स्कूल में करवा देंगे। विभागीय जानकारी अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला अनवरपुर की दर्ज संख्या 71 है। पिछले वर्ष इस स्कूल की दर्ज संख्या 79 थी, लेकिन शिक्षकों की कमी और घटते शिक्षा स्तर को देखते हुए पालकों ने अपने बच्चों को प्राथमिक शाला अनवरपुर से निकाल कर दूसरे स्कूल में दाखिल करवा दिया है।
ज्ञात हो कि ग्राम पंचायत अनवरपुर के जनप्रतिनिधि और पालक समिति के सदस्य लगातार शिक्षकों की मांग के लिए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी को मांग कर चुके हैं। वहीं पिछले सत्र में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का भी घेराव भी किया गया था। लेकिन इस स्कूल में अभी तक शिक्षकों की कमी पूरा नहीं हो पाया है। इस स्कूल में एक शिक्षक के भरोसे स्कूल के 71 बच्चों का भविष्य है।
इसके साथ ही इस एक शिक्षक को ही अपने स्कूली कार्य भी निपटाने होते हैं। जिसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। इसे देखते हुए ग्रामीणों ने बच्चो के पढ़ाई के लिए गांव के ही एक शिक्षक को स्वयं के व्यय से पढ़ाने के लिए रखा है। लेकिन यह इस स्कूल की समस्या का स्थाई समाधान नहीं है।
गौरतलब है कि शिक्षकों की कमी से जूझते प्राथमिक स्कूल अनवरपुर के 2 होनहार बच्चों का चयन एकलव्य स्कूल के लिए भी हुआ है। इसी स्कूल के 1 बच्चे का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि 20 जुलाई तक शासकीय प्राथमिक शाला अनवरपुर में शिक्षकों की कमी को पूरा नहीं किया गया, तो पालक अपने बच्चो का टीसी निकलवाकर उनका दाखिला अन्य दूसरे स्कूल में करवा देंगे।
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले के 225 प्राथमिक शाला ऐसे हैं, जो एकल शिक्षक के भरोसे हंै। वहीं 05 पूर्व 8 माध्यमिक शाला और 04 हायर सेकेंडरी स्कूल भी एकल शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं।
वहीं जिले के 11 स्कूल ऐसे हैं जो शिक्षक विहीन है। इसके अलावा जिले के 233 स्कूल जर्जर हालात में है।