महासमुन्द

हाईवे किनारे लाखों की दवाई फेंकी
18-Jul-2024 1:58 PM
 हाईवे किनारे लाखों की दवाई फेंकी

यह दवाई सीएचसी बसना का नहीं है-बीएमओ 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,18 जुलाई।
जिले के बसना में स्वास्थ्य विभाग बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां लाखों रुपए की दवाई का जखीरा नेशनल हाईवे एन एच 53 बसना के पास फेंका गया है। मीडिया में खबर चलने के बाद स्वास्थ्य विभाग बसना हरकत में आया और आनन फानन में दवाईयों को उठा ले गया। 

जानकारी अनुसार कल स्वास्थ्य विभाग छ ग शासन के द्वारा आम नागरिकों को नि:शुल्क बांटे जाने वाली दवाई एवं इंजेक्शन भारी मात्रा में नेशनल हाईवे एनएच 53 के पास लावारिस हालत में रहागीरों ने पड़ा देखा। रास्ते से गुजरते हुए मीडिया के साथियों की नजर भी उस पर पड़ी। 

फेंकी गई दवाई एवं इंजेक्शन को देखा तो उसमें डायक्लोफेनाक आयरन एंड फोलिक एसिड जैैसी कई तरह की जरूरी दवाईयां थीं। सभी दवाईयों का एक्सपायरी डेट देखा गया तो किसी भी दवा का डेट एक्सपायर नहीं हुआ था। लाखों रुपए कीमती इन दवाओं को इस तरह से फेंक देने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गई और स्वास्थ्य विभाग ने बगैर देरी किए उन दवाओं को उठाया और स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। 

इस संबंध में नारायण साहू बीएमओ बसना से फोन पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि-यह दवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना का का नहीं है। जिला स्वास्थ्य व मुख्य चिकित्साधिकारी, कलेक्टर महासमुन्द को इसकी सूचना दे दी गई है। इन दवाईयों व इंजेक्शन को जांच हेतु सीजी एमएससी में भेजा गया है। बैच नंबर से पता चल पायेगा कि दवाईयां कहां की है। एफ आईआर दर्ज किये जाने का निर्देश दिया गया है।



अन्य पोस्ट