महासमुन्द

नए शिक्षा सत्र में बदले सरकारी नियम
17-Jul-2024 10:58 PM
नए शिक्षा सत्र में बदले सरकारी नियम

जाति प्रमाण पत्र बनाने हजारों खर्च के बाद भी आवेदन निरस्त 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 17 जुलाई। नए शिक्षा सत्र में बदले सरकारी नियम से आरक्षित वर्ग के बच्चों के लिए आफत आ गई है। बच्चों एवं पालकों को जाति प्रमाण पत्र के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इसके बावजूद स्कूल से कागजी औपचारिकता पूर्ण करने के बाद तहसील कार्यालय से आवेदन निरस्त किये जा रहे हैं, जिससे सरकारी स्कूल प्रबंधन बच्चों को प्रवेश नहीं दे रहे हंै एवं उनके लिए आई सरकारी किताबें भी रोक दी गई है।

ऑनलाइन प्रमाण पत्र का सरकारी फरमान ग्रामीण स्तर पर भारी पड़ रहा है। आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र बनाने के लिए पालकों को खासे पापड़ बेलने पड़ रहे हैं। बची-खुची परेशानी सरकारी स्कूलों के प्रबंधक पैदा कर रहे हैं। क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों के आवेदन स्थानीय तहसील कार्यालय में धूल खाते पड़े हंै।

इस संबंध में शासकीय कन्या उच्च. माध्य. शाला के प्राचार्य ए आर बरिहा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि ऊपर से तत्काल सभी बच्चों के प्रमाण पत्र बनाने की लिए दबाव है। जिसके कारण स्कूल शिक्षक आवश्यक दस्तावेज बनवाने बच्चों पर दबाव डाल रहे हंै। जिसके तहत प्रवेश रोकना एवं पाठ्य पुस्तकों का रोकना जैसे कदम उठाए जा रहे हंै। इसके बावजूद दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा रहे। जिन बच्चों के दस्तावेज पूर्ण हैं, उन्हें तहसील कार्यालय में जमा करवाया गया है। परन्तु वहां से भी छोटी-छोटी बात के लिए आवेदन पुन: सुधार करने की हिदायत के साथ वापस भेजे जा रहे है।

बहरहाल, शासन की प्रमाण पत्र बनाने हेतु सरलीकरण करने की नीति भी अफसरों की लालफीताशाही के चलते भटक गई है। जिससे बच्चों एवं पालक परेशान हंै।

बच्चे हो रहे अवसाद का शिकार

क्षेत्र के अनेक पालक ऐसे हैं, जिन्होंने अपने बच्चों को सरकारी स्कूल भेजने का प्रयास किया है, परन्तु स्थानीय कन्या उच्च मध्य शाला में बच्चों को प्रमाण पत्र के अभाव में न तो दाखिला दिया जा रहा है, न ही उन्हें सरकारी पुस्तकें एवं गणवेश ही दिए जा रहे हंै। जिससे ये बच्चे अब अवसाद की स्थिति में जा रहे हंै।

हालांकि इस तरह के बच्चों की संख्या काफी कम है, परन्तु शासन के घर-घर से बच्चों को स्कूल लाकर दाखिला दिलाने का निर्देश भी बेअसर हो रहा है।


अन्य पोस्ट