महासमुन्द

सिरपुर के जंगल में हाथियों की आमद
16-Jul-2024 2:34 PM
सिरपुर के जंगल में  हाथियों की आमद

गांवों में अलर्ट, ग्रामीणों को जंगल जाने की मनाही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जुलाई।
सिरपुर क्षेत्र में हाथियों की धमक के चलते वन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। वहीं हाथियों की आमद से सिरपुर जंगल पट्टी के दर्जन भर गांवों में दहशत का आलम है। हालांकि वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर रखी हुई है। यह पहली बार ऐसी स्थिति निर्मित हो रही है। जिसमें दर्जनों ग्रामों में हाथी को लेकर हाई अलर्ट जारी कर जंगल में ग्रामीणों को जाने की मनाही कर दी गई है।

गौरतलब है कि करीब तीन साल पूर्व हाथियों के बड़े दल से महासमुंद ब्लॉक परेशान रहा। खासकर सिरपुर का क्षेत्र ज्यादा परेशान हुआ। जिले में अब तक हाथियों के कुचलने से दर्जनों मौतें हो चुकी हैं और हजारों का नुकसान भी हो चुका है। लंबे समय से हाथियों के विचरण से मुक्त सिरपुर का क्षेत्र अब एक बार फिर हाथियों की धमक से दहशत में है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वन मंडल महासमुंद कक्ष क्रमांक 131,132 और 133 के वन विकास निगम के बांस प्लांट के जंगल में ओडिशा से एक छोटा हाथी एमई 2 बबलू और 2 दंतैल हाथी विचरण कर रहे हैं। वन विभाग के मुताबिक हाथियों की वर्तमान लोकेशन कक्ष क्रमांक 132 के बांस प्लांट है। 

ग्राम अमलोर, मरौद, रायकेरा, नांदबारू क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि तीन साल पहले लंबे समय तक क्षेत्र में हाथियों का डेरा था जिससे हमेशा डर बना रहता था कि हाथी किसी को मार न डाले। क्योंकि उन हाथियों ने लगभग दो दर्जन लोगों की जान ले ली थी। तादात में लगभग 25-26 हाथियों का यहीं बसेरा हो चुका था। सालों तक कई एकड़ खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया था। एक बार फिर हाथियों के आ जाने से लोगों को जान-माल का नुकसान होने का डर सताने लगा है।

वन विभाग ने ग्राम छताल, सुकुलबाय,केशलडीह, तालझर, खिरसाली, बंदोरा, अचानकपुर, फुसेराडीह के ग्रामीणों को सतर्क रहने कहा है और अपील की है कि सतर्क रहें। सुरक्षित दूसरे को भी सचेत करें। हाथी दिखने पर नजदीकी वन कर्मचारी को सूचना दें।


अन्य पोस्ट