महासमुन्द

टोल टैक्स से छूट देने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे वाहन मालिक
16-Jul-2024 2:02 PM
टोल टैक्स से छूट देने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे वाहन मालिक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16 जुलाई। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर ढांक, झलप एवं छुईपाली, सरायपाली रोड पर स्थित टोल गेट में महासमुंद जिले के वाहनों सीजी 06 को टोल टैक्स से छूट देने की मांग को लेकर विगत 11 जुलाई से वाहन मालिकों के द्वारा युवा कांग्रेस संजय चौधरी नेता के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। छुहीपाली टोल गेट के पास अनेक वाहन मालिक प्रतिदिन प्रदर्शन में बैठ रहे हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर महासमुंद जिले की सीमा में आने वाले टोल गेट में जिले के वाहनों को टोल टैक्स में छूट देने की मांग को लेकर वर्तमान में वाहन मालिकों के द्वारा अनिश्चितकालीन प्रदर्शन किया जा रहा है। इस मामले में अब तक निर्णय नहीं लिए जाने पर कल सोमवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया गया है। उन्हें समर्थन देने विधायक चातुरीनंद भी कल धरना स्थल पहुंचीं। आज मंगलवार को भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी यहां आने वाले हैं। विधायक चातुरी नंद ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर ढांक झलप एवं छुईपाली सरायपाली पर स्थित टोल गेट आने वाले टोल प्लाजा में जिले के वाहनों को एवं बरगढ़ ओडी 17 ओडि़शा में बरगढ़ जिले के निवासियों को टोल टैक्स से छूट दिया जा रहा है। लिहाजा महासमुंद जिले के वाहन मालिकों के साथ इस तरह से भेदभाव करना अनुचित है। यही कारण है कि इस जिले के भी वाहन मालिकों के द्वारा टोल टैक्स में छूट के लिए आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने किसी ठोस निर्णय के ना होते तक आंदोलन जारी रहने की बात कही है। विधायक चातुरीनंद कल सोमवार को कांग्रेस पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ इस हड़ताल को समर्थन देने पहुची थीं।

इस संबंध में हड़तालियों का कहना है कि विगत एक साल से संघर्ष किया जा रहा है। हाईवे व सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भी अवगत कराया गया। लेकिन इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया गया।

आखिरी अल्टीमेटम देने के बावजूद 14 जुलाई की रात्रि तक टोल टैक्स में छूट नहीं दिया गया। इसलिए अब निर्णय लिया गया है कि 15 जुलाई से उनके द्वारा मांग पूरा होने तक आमरण अनशन जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट