महासमुन्द

पखवाड़े भर बाद अच्छी बारिश से किसान खुश
16-Jul-2024 1:48 PM
पखवाड़े भर बाद अच्छी बारिश से किसान खुश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 16 जुलाई।
पखवाड़े भर से बारिश को लेकर चिंताग्रस्त किसानों के चेहरे में कल हुई रिमझिम बारिश से मुस्कान लौटी है। हालांकि बारिश रुकते ही उमस बढ़ी।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने के संकेत दिए हैं। मालूम हो कि 10-12 दिनों में बारिश न होने से लोग उमस और गर्मी से हलाकान थे। वहीं किसान धान की फसल की बुआई के लिए बारिश का इंतजार कर रहे थे। 

रविवार को मौसम बदलने के साथ ही अच्छी बारिश की शुरूआत हुई जो कल दिन भर जारी रही। भले ही बारिश रुक-रुककर हो रही है पर यह किसानों के लिए लाभदायक है। जिले में पिछले 24 घंटों में मात्र 5.5 मिमी औसत बारिश हुई है। जिसमें बागबाहरा में सबसे अधिक 19 मिमी, महासमुंद में 4.4 मिमी, रायपाली में 4.0 मिमी, बागबाहरा में 3.2 मिमी, कोमाखान में 1.4 मिमी और सबसे कम 0.9 मिमी बारिश पिथौरा में हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसके अलावा एक द्रोणिका मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा होते हुए खाड़ी तक बनी हुई है। जिसके असर से मौसम में बदलाव हुआ है। जिले में एक जून से अब तक 203.8 मिमी औसत बारिश हुई है। जो वर्षभर की संभावित औसत बारिश का मात्र 20 प्रतिशत है। विभाग इस साल 993.3 मिमी औसत बारिश का अनुमान लेकर चल रहा है। एक जून के बाद से जिले के महासमुंद ब्लॉक में सबसे अधिक 280 मिमी बारिश हुई है। इसी प्रकार बसना में 243.6मिमी, सरायपाली में 215.6 मिमी, बागबाहरा में 185 मिमी, पिथौरा में 178.7 मिमी और कोमाखान में 119.9 मिमी बारिश हुई है।



अन्य पोस्ट