महासमुन्द

प्रेस क्लब चुनाव: रत्नेश अध्यक्ष, रवि महासचिव, आशुतोष उपाध्यक्ष
15-Jul-2024 2:55 PM
प्रेस क्लब चुनाव: रत्नेश अध्यक्ष, रवि महासचिव, आशुतोष उपाध्यक्ष

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,15 जुलाई। प्रेस क्लब महासमुंद का वर्ष 2024-26 के लिए निर्वाचन कॉलेज रोड स्थित प्रेस क्लब परिसर में रविवार को आहुत  हुआ। मतदान प्रक्रिया से निर्वाचन में रत्नेश सोनी अध्यक्ष, रविंद्र विदानी महासचिव, आशुतोष शर्मा उपाध्यक्ष एवं संजय महंती कोषाध्यक्ष चुने गए। वहीं संगठन एवं प्रचार मंत्री व सांस्कृतिक सचिव के लिए क्रमश: महेंद्र यादव व अमित हिशीकर निर्विरोध निर्वाचित हुए।

चुनाव अधिकारी शकील लोहानी एवं सहायक चुनाव अधिकारी विपिन दुबे के मार्गदर्शन में निर्धारित समयानुसार मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। जिसमें नामांकन दाखिला एवं वापसी के समय पश्चात मुकाबले की तस्वीर साफ  हो गई। अध्यक्ष पद के लिए रत्नेश सोनी एवं आनंद राम  का नामांकन वैध पाया गया। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए आशुतोष शर्मा व प्रभात महंती, महामंत्री पद के लिए रविंद्र विदानी व संजय यादव व कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय महंती एवं सोहेल अकरम आमने-सामने रहे।

मतदान प्रक्रिया में अध्यक्ष पद के लिए रत्नेश सोनी को 21 मत व आनंद राम को 14 मत मिले, वहीं 2 मत अमान्य हुए। रत्नेश सोनी 7 मतों के अंतर से अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर आशुतोष शर्मा को 28 मत व प्रभात महंती को नौ मत मिले। आशुतोष उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं महामंत्री पद के लिए कड़े मुकाबले में रविंद्र विदानी को 19 व संजय यादव को 18 मत व कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय महंती को 29 व सोहेल अकरम को 6 वोट मिले। एकल नामांकन से सहमंत्री अमित हिषीकर व संगठन एवं प्रचार मंत्री महेंद्र यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रत्नेश सोनी ने प्रबंधकारिणी सदस्यों की घोषणा करते हुए जसवंत पवार, देवीचंद राठी, प्रज्ञा चौहान, जितेंद्र सतपथी व आशीष साहू को सदस्य मनोनीत किया। चुनाव शांतिपूर्ण रहा। इसमें पुलिस प्रशासन, नगर पालिका का सहयोग रहा। चुनाव के बाद पदाधिकारियों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली।


अन्य पोस्ट