महासमुन्द
प्राचार्य अपना तर्क दे रहे, अफसर कार्रवाई की बात कह रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 जुलाई। जिले में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश, हिन्दी माध्यम स्कूल के बच्चों से किसी भी प्रकार की फीस नहीं लेने के नियम के बावजूद जिले के सभी स्वामी आत्मानंद स्कूलों में बच्चों से फीस लेने का मामला सामने आया है। जहां बच्चे फीस लेने की बात को बता रहे है,वहीं प्राचार्य अपना तर्क दे रहे हंै और शिक्षा विभाग के अधिकारी नियम विरुद्ध फ ीस लेने पर कार्रवाई की बात कह रहे हंै।
ज्ञात हो कि वर्ष 2021 से बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निजी इंग्लिश माध्यम स्कूलों की तर्ज पर छत्तीसगढ़ प्रदेश में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश व हिन्दी माध्यम स्कूल संचालित करना शुरू किया गया। इसी कड़ी में महासमुंद जिले में भी वर्ष 2021 से लेकर अभी तक 13 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश व हिन्दी माध्यम स्कूल संचालित हं। यहां हजारों बच्चे अध्ययनरत हैं।
वर्ष 2022 में बालोद जिले में बच्चों से अलग-अलग मद में फीस लेने पर शासन ने एक पत्र जारी कर आदेशित भी किया था कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश, हिन्दी माध्यम स्कूल शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। जिसमें बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा, गणवेश, पुस्तक, सायकल प्रदान करना है। उसके बावजूद महासमुंद जिले के सभी आत्मानंद स्कूूलों सत्र 2023-24 तक स्काउट, रेड क्रास, विज्ञान, विज्ञान क्लब, खेल, परीक्षा, आई कार्ड आदि के नाम पर अलग-अलग कक्षा में अलग-अलग फीस 410, 445, 780 रुपए ली गई है।
स्वामी आत्मानंद के छात्रों ने बताया है कि स्कूल प्रबंधन के द्वारा अलग-अलग मद में फीस ली गयी है। स्वामी आत्मानंद स्कूल पटेवा के प्राचार्य समीर प्रधान व स्वामी आत्मानंद स्कूल बागबाहरा की प्राचार्य मधु सिरमौर ने बताया कि स्कूल के पास फीस नहीं लेने का स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं होने के कारण फीस ली गयी है, जो शिक्षा विभाग के पास मौजूद है और स्पष्ट आदेश नहीं होने के कारण इस वर्ष फीस नहीं ली जा रही है।
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी मोहनराव सांवत ने बताया कि फीस लेने का नियम नहीं है। ये बातें संज्ञान में आने के बाद जांच के आदेश दिये गये हैं। इसके बाद नोटिस जारी कर जवाब मंगाया जाएगा और जवाब यदि संतोष जनक नहीं हुआ तो जांच के बाद नोटिस जारी कर जवाब मंगाया जाएगा। जवाब यदि संतोष जनक नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।