महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 जुलाई। झलप के ग्रामीण शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर नायब तहसीलदार युवराज साहू पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की और उनकी संपत्ति की जांच करने की मांग कलेक्टर से की है। ग्रामीणों ने डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीण हरजिंदर सिंह सलूजा ने बताया कि तहसील ऑफिस में भ्रष्टाचार का आलम है। आय,जाति, निवासी, मृत्यु प्रमाण पत्र व नामांतरण कराने के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं। ग्रामीणों ने ऐसे नायब तहसीलदार को झलप से हटाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इस बाबत शिकायत की गई। जनप्रतिनिधियों से भी इस पर चर्चा की गई है।
ज्ञात हो कि पिछले दिनों नायब तहसीलदार को एक व्यक्ति ने कार्यालय में ही थप्पड़ जड़ दिया था और चप्पल से भी मारा था। जिसके बाद से ही मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है।