महासमुन्द

बीए, बीकॉम, बीएससी कोर्स में अब 2 सेमेस्टर सिस्टम लागू
13-Jul-2024 2:37 PM
बीए, बीकॉम, बीएससी कोर्स में अब 2 सेमेस्टर सिस्टम लागू

नए सिलेबस से पढ़ाई होगी लेकिन बाजार में पुस्तकें नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 जुलाई।
महासमुंद जिले के महाविद्यालयों में बीए, बीकॉम और बीएससी कोर्स में अब 2 सेमेस्टर सिस्टम लागू होने के बाद नए सिलेबस से पढ़ाई होगी। लेकिन बाजार में प्रथम सेमेस्टर की पुस्तकें नहीं बिक रहीं हैं। लिहाजा प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी असमंजस में हैं। 

कालेज प्रबंधन का कहना है कि जब तक नई किताबें नहीं आ जाती है, छात्रों को पुरानी पुस्तकों से ही पढ़ाया जाएगा। पूर्व में जो कोर्स थे, उसे ही घटाकर ही छह माह का किया गया है। छात्रों को ऑनलाइन लिंक भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिसके आधार पर छात्र पढ़ सकेंगे या लेखकों के किताबों को पढ़ सकेंगे। 

गौरतलब है कि वर्तमान में कॉलेजों में दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही एडमिशन की प्रक्रिया पूर्ण होगी, कक्षाएं भी प्रारंभ हो जाएंगी। कॉलेजों द्वारा छात्रों को स्टडी मटेरियल भी उलब्ध कराने की बात कही जा रही है। स्नातक कोर्स में सेमेस्टर लागू होने से शुरुआती दौर में कुछ समस्याएं व अड़चनें आएंगी। नई शिक्षा नीति के तहत तीन चरणों में व्यवस्था पूरी तरह से लागू की जाएगी। 

शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य शीलभद्र कुमार ने बताया कि जब तक किताबें नहीं आ जाती हैं, छात्रों को स्टडी मटेरियल के ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। पाठ्यक्रम जो पूर्व में वार्षिक था, उसे ही छह माह का किया गया है। कक्षाएं प्रारंभ करने के पूर्व छात्रों को नई शिक्षा नीति के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी ताकि पढऩे में छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।

शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर कॉलेज महासमुंद के अजय कुमार राजा ने बताया कि पुरानी पुस्तकों से भी छात्र पढ़ सकते हैं। नया सिलेबस भी आ गया है। शासकीय महाप्रभु कॉलेज की प्राचार्य अनुसूइया अग्रवाल ने बताया कि शीघ्र ही नई पुस्तकें बाजार में उपलब्ध हो जाएंगी। इसके लिए तैयारी भी चल रही है। वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन ई.बुक उपलब्ध है। यू.ट्यूब पर भी विषय से संबंधित सारी जानकारियां उपलब्ध हैं।

मालूम हो कि इससे पहले छात्र वार्षिक परीक्षा देते थे तो उन्हें एक बार ही सभी विषयों की पुस्तकें खरीदनी पड़ती थी। अब सेमेस्टर सिस्टम के तहत परीक्षा होने से अब छात्रों को हर छह माह में नई पुस्तकें लेनी पड़ेगी। ऐसे में छात्रों का किताब पर खर्च भी बढऩे वाला है। इसके अलावा अब दूसरे सेमेस्टर के लिए भी छात्रों को अलग से कॉपियां लेनी पड़ेंगी। हर छह माह में परीक्षा होने से अब छात्रों को हर छह माह में भी परीक्षा शुल्क देना पड़ सकता है। ऐसे में हर सेमेस्टर की फीस और परीक्षा शुल्क से उनका खर्च बढ़ेगा। वार्षिक परीक्षा में छात्रों को एक बार ही शुल्क देना पड़ता था। छात्रों पर लंबे सिलेबस का दबाव कम करने के लिए सेमेस्टर सिस्टम लागू किया गया है। इस कारण खर्चे भी बढ़ जाएंगे।

बुक डिपो के संचालक अखिलेष लुनिया ने बताया कि कॉलेजों द्वारा विभिन्न लेखकों व पुस्तकों को पढऩे के लिए सुझाव दिए जाते हैं। इसी आधार पर छात्र बाजार से किताब खरीदते हैं। जिस लेखक व प्रकाशक की पुस्तकों की डिमांड आएगी, उसी आधार पर ही किताब मंगवाएंगे। अभी प्रथम सेमेस्टर की नई पुस्तक बाजार में नहीं आई है।


अन्य पोस्ट