महासमुन्द
सिंघोड़ा हाई स्कूल शिक्षक विहीन, इसलिए भौतिकी के व्याख्याता को व्यवस्था में भेजा गया -बीईओ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 जुलाई। जिले के सरायपाली क्षेत्र स्थित प्राथमिक , मिडिल, हायर सेकंडरी स्कूल के अतिशेष शिक्षकों को व्यवस्था के तहत एक सत्र के लिए अन्य स्कूल भेजा गया है। लेकिन इसमें एक ऐसा भी शिक्षक शामिल है, जिनकी परिवीक्षा समाप्त ही नहीं हुई है और उन्हें हायर सेकंडरी स्कूल के भौतिक के शिक्षक के रूप में हाई स्कूल सिंघोड़ा में व्यवस्था के तहत भेजा गया है।
शिक्षक द्वारा शिक्षा विभाग के आदेश के विपरीत निकले आदेश को निरस्त करने अपर कलेक्टर को 10 जुलाई को आवेदन भी दिया गया है। मालूम हो कि विगत 9 जुलाई को अपर कलेक्टर नोडल शिक्षा महासमुंद द्वारा शिक्षक विहीन शाला में अतिशेष शिक्षकों को व्यवस्था के तहत भेजा गया है। इसमें सिंघोड़ा हाईस्कूल के लिए भूषण कुमार पटेल व्याख्याता भौतिकी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केना को भी व्यवस्था में भेजा गया है। जबकि हाई स्कूल में भौतिक विषय ही नहीं है। व्याख्याता भूषण पटेल ने बताया कि अभी तक परिवीक्षा समाप्त नहीं हुई है और उन्हें व्यवस्थापन के तहत सिंघोड़ा स्कूल भेजा दिया गया।
डीईओ मोहन सावंत ने छुट्टी पर बाहर होने की बात कही और कहा कि बीईओ की अनुशंसा से ही आया था। उन्होंने अपर कलेक्टर द्वारा आदेशित किए जाने की बात कही है और जानकारी के लिए बीइओ को संपर्क करने के लिए कहा। इस मामले में बीईओ प्रकाश चंद मांझी ने कहा कि सिंघोड़ा हाई स्कूल शिक्षक विहीन है। इसलिए भौतिकी के व्याख्याता को व्यवस्था में भेजा गया है। क्योंकि वह गणित और विज्ञान दो विषय पढ़ा सकते हैं। वे पहले भी मोहदा स्कूल परीक्षावधि में व्यवस्था में थे।
शिक्षक भूषण ने भी अपने आवेदन में बताया है कि वहां भौतिकी के लिए पद स्वीकृत ही नहीं है। बावजूद वहां पद व्यवस्था में भेजा गया है। जिसे निरस्त करने की मांग की है। भूषण ने बताया कि मोहदा स्कूल ही विषय शिक्षक की कमी से जूझ रहा है। जिसके चलते वहां के विद्यार्थी टीसी लेकर अन्य स्कूल पलायन कर रहे हैं। दो सत्र तक उन्हें व्यवस्था के तहत मोहदा स्कूल ही भेजा गया था। लेकिन नए शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के पहले ही उन्हें मूल शाला केना वापस भेज दिया गया और अब परीविक्षावधि पूर्ण होने के पहले ही हाईस्कूल में व्यवस्था किया गया है। बताया कि पदस्थापना आदेश कंडिका नंबर.11 में स्पष्ट उल्लेख है कि जब तक परीविक्षावधि पूर्ण नहीं हो जाता, तबादला नहीं होगा। इसलिए उनका वेतन मूल शाला से ही बन रहा है। अन्य स्कूलों में भौतिक शिक्षक के पद रिक्त होने के बावजूद वहां व्यवस्था न करने की बात पर कहा कि वहां रसायन शास्त्र अन्य विषय के शिक्षक भौतिक पढ़ा सकते हैं। इसलिए वहां व्यवस्था नहीं की गई है। परिवीक्षा अवधि पूर्ण नहीं हो जाती, तब तक उनकी पदस्थापना शिक्षा विभाग के आदेश अनुसार मूल शाला भवन केना में ही रखा जाए। लेकिन उक्त आदेश का दो वर्षों से उल्लंघन किया जा रहा है। उक्त शिक्षक मात्र एक सत्र ही मूल शाला केना में शुरुआत में ज्वाइनिंग लेते समय पदस्थ रहे हैं। 2022-23 व 2023-24 सत्र में मोहदा हायर सेकंडरी स्कूल में पदस्थ थे। परिवीक्षा में उनका मोहदा व्यवस्था करने पर उन्होंने विरोध किया था। मोहदा स्कूल में तालाबंदी की गई तो उन्हें व्यवस्था में भेजा गया।
स्कूलों में माधवराव राव गोवलकर स्कूल, कन्या शाला, केजुआं, बिछिया स्कूल में भी भौतिकी का शिक्षक पद रिक्त है। लेकिन उन्हें व्यवस्था के तहत सिंघोड़ा हाई स्कूल में किया गया है।