महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 जुलाई। ग्राम पंचायत बेमचा के सचिव के साथ मारपीट करने व अंगूठे को दांत से काटकर अलग करने के मामले में आरोप दोष सिद्ध होने पर सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया ने महासमुंद थाना क्षेत्र के ग्राम नयापारा बेमचा निवासी रज्जू सतनामी को भारतीय दंड संहिता की धारा 333 व 326 में 3-3 वर्ष के सश्रम कारावास व 5.5 सौ रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर दो-दो माह का कारावास पृथक से भुगतना होगा।
इसी तरह धारा 353 में एक वर्ष व धारा 323 में 6 माह सश्रम कारावास की सजा भी आरोपित को सुनाई गई है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेगी।
अभियोजन के अनुसार पंचायत सचिव चंद्रमणी चंद्राकर ने महासमुंद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह पंचायत सचिव के पद पर बेमचा में पदस्थ है। छ:जनवरी 2022 को ग्राम पंचायत में सुबह 11 बजे से शासकीय काम कर रहा था। उसके साथ रोजगार सहायक संतोष भारती, पंच लक्ष्मी नारायण कहार, चपरासी रोहित सेन थे। तभी करीब डेढ़ बजे के आसपास बेमचा का रज्जू सतनामी शराब के नशे में आकर धमकी भरे लहजे में तेरा ट्रांसफर करारूंगा और जान से मारने की धमकी देते हुए अश्लील गालियां दी।
झगड़ा धक्का मुक्की करते हुए प्रार्थी को गेट के पास लाया और हाथ मुक्का से मारपीट करने लगा। इसी दौरान आरोपित उसके बायें अंगूठे को मुंह में दांतों से दबाकर काटा और अंगूठा अलग कर दिया। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कटे हुए अंगूठे की जब्ती बनाई। विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा गया था। अभियोजन की ओर लोक अभियोजक भूपेंद्र चंद्राकर ने पैरवी की।