महासमुन्द

नमी और उमस से फंगल इन्फेक्शन के मरीजों में इजाफा
12-Jul-2024 3:00 PM
नमी और उमस से फंगल इन्फेक्शन के मरीजों में इजाफा

चर्म रोग विभाग में रोज 70 से 80 मरीज पहुंच रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,12 जुलाई। इन दिनों शहर में नमी और उमस की वजह से फंगल इन्फेक्शन के मरीजों में इजाफा हुआ है। तेज खुजली और जलन से बेचैन करने वाले इस फंगल इन्फेक्शन की वजह से मेडिकल कॉलेज के चर्म रोग विभाग में प्रतिदिन 70 से 80 मरीज पहुंच रहे हैं। डाक्टरों के मुताबिक अक्सर ग्रीष्मकाल में इस रोग के फैलने का खतरा बना हुआ रहता है। अभी पानी नहीं गिरने के कारण एकाएक उमस बढ़ी है। मरीजों को चिकित्सक आवश्यक दवाओं के साथ ही ढीले कपड़े तथा सफाई बरतने की सलाह दे रहे हैं।

मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार गर्मी, उमस और नमी भरे वातावरण में फंगस का आक्रमण बढ़ जाता है। यही कारण है कि इन दिनों अधिकतर लोग फंगल इन्फेक्शन का शिकार होते हैं। स्किन इन्फेक्शन की बड़ी वजह इम्यून सिस्टम यानी रोग प्रतिरोधी क्षमता का कमजोर होना है। इस मामले में त्वचा संक्रमण का जोखिम ज्यादा बढ़ जाता है। दवा के साइड इफेक्ट से भी स्किन में इन्फेक्शन का खतरा रहता है। इसके अलावा, कवक यानी यीस्ट अकसर गर्म, नम वातावरण में बढ़ता है। पसीने से तर या गीले कपड़े पहने हुए व्यक्ति को त्वचा संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है। स्किन कटने या फटने पर संक्रमित बैक्टीरिया त्वचा के गहरे परत तक फैल सकता है।

चिकित्सकों के अनुसार हमारे शरीर की त्वचा हमें सभी तरह के वायरल इन्फेक्शन और बैक्टीरियल इन्फेक्शन यानी संक्रमण से बचाव करती है। स्किन फंगस इन्फेक्शन में रोगी की त्वचा पर सफेद परत पपड़ी जम जाती है। जिसमें मीठी-मीठी खुजली होती है। और सही समय पर ध्यान न देने पर इसमें बैक्टीरियल इन्फेक्शन भी हो जाता है। त्वचा के संक्रमण और चर्म रोग में अंतर होता है। इस दौरान निजी इस्तेमाल की चीजें साझा न करें। इससे फंगस फैलता है। धोने से फंगस साफ  नहीं होता। लेकिन पैरों को साफ एवं सूखा रखने से बीमारी से बच सकते हंै।

चिकित्सकों के अनुसार त्वचा में फंगल इन्फेक्शन हो जाने पर पैर डूबने के बराबर मात्रा में पानी लें और अपने पैरों को लगभग 10 मिनट तक उसमें डुबोकर रखें। फंगल इन्फेक्शन हो रहा है, उस जगह को पानी से साफ करने के बाद रुई आदि की सहायता से बराबर मात्रा में पानी से प्रभावित जगह पर लगाएं और उसके थोड़ी देर बाद उस जगह पर एंटी फंगल क्रीम लगा लें।

 इसका सही तरीके से इलाज के लिए प्रभावित स्थान की नियमित साफ. सफाई रखें और जहां तक संभव हो उस जगह को सूखा रखें। इन्फेक्शन की जगह पर टेलकम पाउडर भूल कर भी न लगाएं। अक्सर देखा जाता है कि घरों में इस तरह के रोगों में पाउडर लगा लेते हैं। अपने शरीर की चमड़ी को नमी, पसीने और गर्म वातावरण से बचा कर रखें। बेहद कसे हुए वस्त्र जैसे के नाइलॉन, टाइट जीन्स, पॉलिस्टर आदि से बने कपड़े और खासतौर पर अंडरगारमेंट नहीं पहनें।


अन्य पोस्ट