महासमुन्द

महासमुंद से गुजरने वाली सडक़ों में हर रोज हादसे
09-Jul-2024 2:37 PM
महासमुंद से गुजरने वाली सडक़ों में हर रोज हादसे

तीन हादसों में तीन की मौत, 4 घायलों में एक की हालत नाजुक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 जुलाई। महासमुंद जिले में सडक़ दुर्घटनाओं में भारी इजाफा हुआ है। हर रोज यहां की सडक़ों पर लोगों की मौत हो रही है। सोमवार की बात करें तो कल ही एक कार पेड़ से जा टकराई, एक पिकअप वाहन डिवाइडर से टकरा गई और एक स्कार्पियो पलट गई। इन तीनों घटनाओं में एक-एक मिलाकर तीन लोगों की मौत हुई है। इन हादसों में कुल चार लोग गायल हुए हैं जिनमें से एक ही हालत नाजुक है।

यातायात विभाग से मिली जानकारी अनुसार इस साल 2014 में छह महीने के भीतर ही जनवरी से जून तक 237 सडक़ हादसे में 139 लोगों की मौत हुई है। वहीं 147 घायल हुए हैं। सडक़ हादसे का सिलसिला लगातार जारी है। कल लगातार तीसरे दिन सडक़ दुर्घटना में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है और एक गंभीर रूप से घायल है। जिनका इलाज नगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कल सुबह एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर तुमगांव रोड लूनिया राइस मिल के पास एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार एक की मौके पर ही मौत हो गई वहीं गंभीर रूप से घायल को सोहम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार नगर सैनिक गुरुवारू मिर्धा 55 साल और बसना में पदस्थ निलंबित आरक्षक धनाराम कुरें 37 साल कार में  सवार होकर परसदा पुलिस लाइन से महासमुंद की ओर आ रहे थे। सुबह करीब 8.30 बजे लूनिया राइस मिल के पास चालक धनाराम कुर्रे कार से नियंत्रण खो बैठा और उनकी तेज रफ्तार कार सडक़ से उतरकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाजू सीट पर बैठे नगर सैनिक गुरूबारू मिर्धा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं चालक धनाराम कुर्रें बुरी तरह घायल हो गया है।

बीती रात एनएच-53 तुमगांव ओवरब्रिज के पास स्कॉर्पियो के पलटने से एक की मौत हो गई व तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार ग्राम नाथु नवागांव थाना डोंगरगांव राजनांदगांव निवासी प्रदुमन्न वर्मा ने बताया कि 6 जुलाई को वह एबिस पोल्ट्रीफार्म के मजदूरों को स्कार्पियो वाहन से राजनांदगांव से सारंगढ़ जा रहा था। रात करीब 11.30 बजे तुमगांव ओवरब्रिज एनएच.53 के पास पहुंचे थे। तभी एक्सयूवी कार केचालक ने स्कार्पियो को पीछे से ठोकर मार दिया। जिससे स्कार्पियों सडक़ की विपरीत दिशा में जाकर पलट गई। इस दुर्घटना से स्कार्पियो में बैठे आनंद राम वर्मा, संजू निषाद, चंद्रभान वर्मा, रूपचंद वर्मा को चोटें आई। गंभीर चोट आने से रूपचंद वर्मा की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी एक्सयूवी के चालक के खिलाफ  धारा 06-1, 125, 281 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

इसी तरह तेज रफ्तार पिकअप डिवाइडर से टकराई। पटेवा थाना अंतर्गत ढांक टोल प्लाजा से पहले एक अनियंत्रित पिकअप डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पटेवा थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि बनारसी थाना माना कैंप निवासी सतीश यादव उम्र 24 साल ड्राइवर था। वह जिस कंपनी में काम करता था, उस कंपनी की एक गाड़ी बसना-सरायपाली के बीच खराब हो गयी थी। जिसे टोचन कर रायपुर लेकर आने के लिए सतीश यादव पिकअप क्रमांक सीजी 04 पीटी 2861 को लेकर रायपुर से निकला। रात करीब 9 बजे ढांक टोल प्लाजा के पास पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई औरे सडक़ से उतर गई। गंभीर चोट आने से चालक की मौत हो गई।

जिले में सडक़ हादसों का दौर लगातार जारी है। हर साल सैकड़ों लोग हादसों में जान गंवा रहे हैं। जिसका मुख्य कारण यातायात नियमों की अनदेखी को बताया जा रहा है। इस साल जनवरी से जून माह तक 237 सडक़ दुर्घटनाओं में 139 ने जान गंवाई है वहीं 147 घायल

हुए हैं। हालांकि गत वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष जून माह तक सडक़ हादसों में कमी आई। 2022 में जनवरी से जून तक 241 सडक़ हादसों में 153 की मौत और 171 घायल हुए थे।

वर्ष 2023 में इस माह के दौरान 275 सडक़ हादसों में 171 की मौत और 237 घायल हुए थे। हादसों की मुख्य वजह तेज रफ्तार वाहन चालन, नशे में वाहन चालन व अन्य नियमों के उल्लंघन है। इन हादसों में हेलमेट न पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग न करना मौत की मुख्य वजह बन रही है। समय-समय पर यातायात विभाग नियम का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के साथ ही नियमों की जानकारी के लिए जागरूकता अभियान चला रही है।

 


अन्य पोस्ट