महासमुन्द
यदि कोई अपनी वाहन किसी को चलाने देता है. और दुर्घटना होती है तो वाहन मालिक के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 जुलाई। नाबालिग वाहन चालक द्वारा वाहन चालन के दौरान यदि किसी की मृत्यु हो जाती है तो अब मां-बाप के विरुद्ध भी अपराध दर्ज होगा तथा उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है। वहीं नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह में रखा जा सकता है। पुराने कानून के तहत नाबालिग जमानत में छूट जाते थे। वहीं मां-बाप पर कोई कार्रवाई नहीं होती थी। यही नहीं, अब यदि कोई अपनी वाहन किसी को चलाने देता है और दुर्घटना होती है तो वाहन मालिक के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई होगी। बीते 1 जुलाई से लागू नए कानून के तहत अनेक बड़े बदलाव भी किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार माता-पिता अपने बच्चों की जिद पूरी करने नाबालिग होते हुए भी उन्हें वाहन की चाबी थमा देते हैं। फलस्वरूप बिना परिपक्वता तथा ज्ञान के नाबालिग असावधानी पूर्वक वाहन चलाते हैं। इससे केवल उनका नुकसान होता है। बल्कि थर्ड पार्टी की मृत्यु तक हो जाती है। इसे लेकर नए कानून के तहत अब कड़ी कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है। जिसकेमुताबिक नाबालिग को वाहन चलाने के लिए देना कानूनी रूप से अपराध है। मोटर वाहन कानून के अनुसार पहले सडक़ दुर्घटना मामले में 304 के तहत कार्रवाई होती थी। चाहे कितनी भी मौत हो जाए। मामूली फाइन पटाकर तथा जमानत में आरोपी छूट जाते थे। जबकि मृतक के परिवार को भारी नुकसान पहुंचाता है। इस क्षति की भरपाई भी नहीं की जा सकती थी।
ऐसे में यदि किसी के परिवार में कोई एक ही व्यक्ति कमाने वाला है और हादसे में उसकी मौत हो गई, तो उस परिवार की स्थिति खराब हो जाती थी। अब नए कानून में संशोधन कर किसे कड़ा कर दिया गया है। इसमें अब कोई बच नहीं पाएगा। न ही रसूखदार माता-पिता की रसूखदारी काम आएगी। कार, बाइक या कोई भी वाहन चलाने वालों की न्यूनतम उम्र 18 साल होनी चाहिए। यदि माता-पिता नाबालिग को चलाने के लिए कार की चाबी देते हैं तो उसे अपराध माना जाएगा। यदि उस वाहन से एक्सीडेंट में किसी की जान चली जाए तो इस केस में माता-पिता, नाबालिग समेत माता पिता को जेल हो सकती है।
बार अध्यक्ष एवं अधिवक्ता अनिल शर्मा ने बताया कि राज्य सभा में मोटर व्हीकल एक्ट का बिल पास हो गया है। अब यदि नाबालिग वाहन चालक की वाहन से किसी की मौत हो जाती है तो 3 साल तक कैद की सजा नाबालिग के माता-पिता को हो सकती है। साथ ही वाहन का रजिस्ट्रेशन भी रद्द होगा। पुरानी धारा 199 मोटर व्हीकल एक्ट में ही संशोधन किया गया है।