महासमुन्द
महासमुंद, 4 जुलाई। जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र के ग्राम कसेकेरा में बुधवार दोपहर खेत में काम कर रही महिला पर भालू ने हमला कर दिया। खेत के आसपास काम कर रहे लोगों ने किसी तरह भालू को भगाकर महिला को बचाया। भालू के हमले से घायल महिला को एंबुलेंस 108 के बामाध्यम से सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इस हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
इस घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को अलर्ट रहने कहा है। उन्हें जंगल या उसके आसपास जाने से मना किया है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9 बजे ग्राम कसेकेरा निवासी निरमती बाई अपने खेत में काम कर रही थी, तभी पीछे भालू ने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद निरमती ने खुद को बचाने चीख-पुकार मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास खेत में काम कर रहे किसान उसे बचाने खेतों में रखे लाठी, पत्थर और अन्य कृषि उपकरण लेकर उसकी ओर दौड़े। करीब आधा दर्जन लोगों ने जोर-जोर आवाज लगाते हुए भालू पर हमला कर दिया। जिसके बाद भालू भाग खड़ा हुआ। लेकिन तब तक निरमती घायल होकर बेहोश हो चुकी थी। उसे उठाकर गांव लाया गया। फिर एंबुलेंस को सूचित कर बुलाया गया। जिसमें निरमती को अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद वन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। गांव में चेेतावनी दी गई है कि गांव से जंगल या उसके आसपास ना जाएं। ग्राम कसेकेरा जंगल के समीप है। यह वन्यजीव प्रभावित क्षेत्र हैं। यहां पहले भीऐसे हमले होते रहे हैं। वन्य प्राणी अधिनियम के कारण वन अमला भालू पर किसी भी तरह नुकसान नहीं पहुंचाता। इसलिए उसके संभावित ठिकानों में छिपे होने की आशंका को देखते हुए टीपा आदि बजाकर उसे भगाने का प्रयास किया जाता है।