महासमुन्द
महासमुंद, 21 जून। कला परंपरा और कला बिरादरी महासमुंद के तत्वावधान में ज्येष्ठ पूर्णिमा शनिवार 22 जून 2024 को संत कबीर प्राकट्य दिवस पर सुनो भाई साधो भजन संध्या का भव्य आयोजन रखा गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य संत कबीर की शिक्षाओं और उनके संदेशों का प्रसार करना है। ताकि समाज में समरसता और सद्भावना को प्रोत्साहित किया जा सके। इस विशेष आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथियों और सांस्कृतिक हस्तियों की उपस्थिति रहेगी।
स्थानीय मिनी स्टेडियम मार्ग स्थित स्वाध्याय केंद्र के सभागार में अपरान्ह 3 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व गायक डॉक्टर चित्तरंजन कर, पूर्व विभागाध्यक्ष भाषा एवं साहित्य पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर होंगे। कला परंपरा के प्रांताध्यक्ष डॉक्टर डीपी देशमुख भिलाई अध्यक्षता करेंगे। वहीं अरविंद मिश्रा संयोजक इन्टैक छत्तीसगढ़ अध्याय रायपुर मुख्य वक्ता होंगे। जो संत कबीर की भाषा पर व्यक्तव्य देंगे। हुकुम शर्मा वरिष्ठ गायक व संगीतकार महासमुंद एवं सिरजन संस्था के प्रांताध्यक्ष डॉ दीनदयाल साहू भिलाई दुर्ग विशेष अतिथि होंगे। समाजसेवी दाऊलाल चन्द्राकर के संरक्षण व अशोक शर्मा वरिष्ठ कवि व साहित्यकार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि रूपेश तिवारी करेंगे। कला परंपरा के जिला अध्यक्ष बन्धु राजेश्वर खरे व सचिव नरेश साहू ने निर्गुण भक्ति.संगीत व कला प्रेमियों को अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।