महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21जून। महासमुंद जिले में गर्मी से परेशान लोगों को गुरुवार की शाम से राहत है। कल सुबह से आसमान में बादल छाए रहे।
दोपहर को तेज हवाओं के साथ कुछ देर मध्यम बारिश हुई। फिर शाम को एक बार फिर बारिश से शहरवासियों ने राहत की सांस ली। इस बारिश से किसानों के चेहरे में रौनक आई है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के तकरीबन सभी संभागों के कई जिलों में आने वाले 3 से 4 दिनों तक प्री.मानसून की अच्छी बारिश हो सकती है।
अगले 24 घंटे में जिले में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून आगे बढ़ सकता है। हर साल 10 जून तक छत्तीसगढ़ पहुंचने वाले मानसून की देरी से ही सही पर एंट्री हो चुुकी है।
कल गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर को करीब आधा घंटा बारिश हुई। उसके बाद शाम छह बजे से लगातार बारिश हुई। इससे रात में माहौल खुशनुमा हो गया। लंबे समय बादल और बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा। इस तरह बुधवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।