महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जून। बीटीआई मार्ग स्थित बिजली ऑफिस के सामने एक एक्वेरियम शॉप में स्टेट फॉरेस्ट के उडऩदस्ते ने छापा मारकर 5 इंडियन स्टार कछुआ जब्त किया है। वहीं शॉप संचालक अब्दुल आमदानी के विरुद्ध वन्य प्राणी अधिनियम 1972 की धारा 9, 39 -3, क, ख तथा 151 के तहत अपराध दर्ज किया है। क्षेत्र के एक्वेरियम शॉप्स में इंडियन स्टार कछुआ बेचे जाने की लगातार मिल रही शिकायत पर कल 3 सदस्यीय स्टेट फॉरेस्ट उडऩदस्ते ने यह कार्रवाई की है।
उडऩदस्ता प्रभारी संदीप सिंग के अनुसार कल सूचना मिली कि एक्वेरियम शॉप में बहुमूल्य तथा विलुप्त प्राय इंडियन स्टार कछुआ बेचा जा रहा है। इस पर शॉप से 5 नग इंडियन स्टार कछुए जिसमें 1 नर, 1 मादा तथा 3 बच्चे शामिल हैं, जब्त किया गया है।
आरोपी अब्दुल रसीद आमदानी को आज न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। शहर में कौन-कौन से स्थान पर ऐसा कछुआ बेचा जा रहा है, इसकी जानकारी एकत्र की जा रही है।
उडऩदस्ता टीम प्रभारी संदीप सिंग ने बताया कि इसकी तस्करी भी अलग तरह से की जाती है। एयरपोर्ट पर स्कैन से बचने के लिए तस्कर स्टार कछुए को पहले मोजे में डालते हैं फिर ऊपर से सिल्वर पेपर से पैक कर देते हैं। एयर पोर्ट पर सिल्वर कलर आसानी से स्कैन नहीं हो पाता और तस्कर अपना काम कर लेते हैं।
उन्होंने बताया कि सुंदर दिखने वाले इस कछुए में प्राकृतिक रूप से इसके कवच पर स्टार जैसे डिजाइन अंकित रहते हैं। तस्करी के पीछे इनसे बनने वाली औषधियां, धार्मिक महत्व आदि कारण हैं। स्टार कछुए की पीठ पर पीले और काले रंग के चकत्ते किसी पिरामिड की तरह लगते हंै। इनकी खूबसूरत दिखावट के साथ ही गलत धारणाओं के कारण भी तस्कर इनकी तस्करी करते हैं। लोग यह मानते हैं कि स्टार कछुए पालने से भाग्य बदल जाता है। इस कारण से इन्हें घरों में पालने की मांग बढ़ती जा रही है। वहीं चीन, अरब देशों में इसकी यहां से तस्करी की जाती है।
उन्होंने जानकारी दी कि बरामद कछुए 1 से 6 किलोग्राम तक है और इनकी लंबाई 10 से 38 सेंटीमीटर है। इनकी अंतर राष्ट्रीय बाजार में अच्छी मांग होती है। इनके कारण इनकी कीमत 50 से 70 हजार रुपए के बीच होती है। स्टार कछुए सूखे घास के मैदानों और झाडिय़ों में, जहां शुद्ध पानी हो, वहां रहते हैं। उनका आहार जलकुंभी, घास, फल, फूल, पौधों की पत्तियों पर आधारित होता है।
इनका जीवनकाल 150 साल होता तक हो सकती है। इनका वजन 1000 से 6600 ग्राम तक हो सकता है। भारत में छोटे और मध्यम आकार के स्टार कछुए पाए जाते हैं। इनकी प्रजाति विलुप्त होने की वजह से ही अब नदी और अन्य जल स्त्रोत जलकुंभी से पट रहे हैं।
ऐसे कछुए भारतीय उप महाद्वीप में विभिन्न स्थलों पर पाए जाते हैं। मुख्य रूप से भारत के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में ये अधिक दिखाई देते हैं।